वृंदावन में साधु बनकर रहा 300 करोड़ का घोटालेबाज:सूट-बूट छोड़, सिर मुंडवाया, कंठी पहनी; साधु बनकर महाराष्ट्र पुलिस ने पकड़ा

महाराष्ट्र में 300 करोड़ का घोटाला करने वाला महाराष्ट्र में क्रेडिट इंस्टीट्यूट का डायरेक्टर बब्बन शिंदे 7 महीने से वृंदावन में बब्बन महाराज बनकर रह रहा था। घूम-घूमकर मंदिरों में प्रवचन देता था। महाराष्ट्र पुलिस बब्बन महाराज को घेरने के लिए खुद साधु बनकर आई।

पूरी खोजबीन की, फिर मंदिर से निकलते हुए पकड़ लिया। पुलिस से बचने के लिए उसने सिर के बाल मुंडवाया। गले में तुलसी की कंठी, माथे पर चंदन तिलक लगाया। फिर किराये पर एक फ्लैट लिया और वृंदावन में साधु बनकर रहने लगा।

महाराष्ट्र पुलिस बब्बन महाराज तक कैसे पहुंची? 4 राज्य और नेपाल तक भागने वाले बब्बन को आखिरकार वृंदावन में कैसे पकड़ा?

क्रेडिट इंस्टीट्यूट में लोगों की जमा रकम का हुआ था घपला

महाराष्ट्र के बीड में जिजाऊ मल्टी स्टेट क्रेडिट इंस्टीट्यूट में अप्रैल, 2023 में घोटाला सामने आया। मामले में जून, 2023 में केस दर्ज किया गया। इसके बाद अध्यक्ष अनिता शिंदे और कुछ निदेशकों को गिरफ्तार किया गया। SIT का गठन किया गया था। एक सहायक जांच अधिकारी ने 1 करोड़ की रिश्वत ली थी, यहीं से पूरा घोटाला खुल गया।

4 राज्य, फिर नेपाल में मिली लोकेशन

महाराष्ट्र में FIR होने के बाद बब्बन 14 महीने से फरार चल रहा था। सबसे पहले उसकी लोकेशन नेपाल में मिली। वहां से उसने एक शख्स को इंटरनेशनल कॉल की, लेकिन पुलिस उसे ढूंढ नहीं पाई, क्योंकि वह लगातार अपना सिम कार्ड बदल रहा था।

इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस को उसकी लोकेशन 4 राज्यों ( ओडिशा, असम, दिल्ली और उत्तर प्रदेश) में मिल रही थी, लेकिन हर 1 से 2 महीने में लोकेशन बदल देता था, इसलिए पकड़ में नहीं आता था। 20 दिन पहले बीड पुलिस की SIT टीम को इनपुट मिला।

इसमें बताया गया कि बब्बन शिंदे वृंदावन में छिपा है। यहां अलग-अलग मंदिरों में प्रवचन देता है। लोग उसको बब्बन महाराज कहते हैं।

मंदिर से निकलते देखकर फोटो लेकर महाराष्ट्र भेजी

15 दिन पहले पुलिस टीम वृंदावन आई। 2 दरोगा साधु के वेश में और बाकी टीम सादे कपड़ों में बांके बिहारी क्षेत्र और रमण रेती क्षेत्र में लोगों की निगरानी करती रही। लगातार बब्बन शिंदे की तलाश की गई। इस बीच एक मंदिर से बब्बन शिंदे जैसा एक व्यक्ति आरती करके बाहर आता दिखाई दिया।

पुलिस टीम ने उसके दूर से फोटो लिए। जिस पूजा की दुकान से उसने सामान लिया था, उस दुकानदार की मदद से उसका मोबाइल नंबर पता किया। फोटो और मोबाइल नंबर से पहचान के लिए साइबर एक्सपर्ट को भेजा। इसके बाद टीम ने कोई एक्शन नहीं लिया, चुपचाप लौट गई।

4 दिन बाद फिर पुलिस टीम वृंदावन आई, बब्बन को अरेस्ट किया

बीड पुलिस के साइबर एक्सपर्ट ने बब्बन शिंदे की फोटो को पहचान लिया। इसके बाद 4 दिन पहले महाराष्ट्र पुलिस टीम फिर वृंदावन आई। टीम में SI एसएस मोरकुटे, ASI तुलसी राम, 2 कॉन्स्टेबल शामिल थे। यहां महाराष्ट्र पुलिस टीम ने वृंदावन कोतवाली में सूचना दी।

कहा- हमें धोखाधड़ी केस के फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करना है। इसके बाद वृंदावन पुलिस के 2 दरोगा, 2 सिपाही महाराष्ट्र पुलिस के साथ भेजे गए। रमण रेती पुलिस चौकी इलाके में एक कृष्ण मंदिर के बाहर बब्बन शिंदे को गिरफ्तार कर लिया गया।

सूट-बूट में रहने वाला बब्बन, यहां महाराज जी बना था महाराष्ट्र पुलिस ने जिस समय बब्बन शिंदे को गिरफ्तार किया, उसने माथे पर लंबा तिलक लगा रखा था। गले में तुलसी की कंठी थी। एक लाल रंग का थैला लटका रखा था। जो बब्बन शिंदे सूट-बूट में रहता था, वह यहां धोती-कुर्ता पहनकर कृष्ण भक्त बनकर रह रहा था।

बब्बन वृंदावन की अलग-अलग लोकेशन पर 7 महीने से छिपकर रह रहा था। महाराष्ट्र टीम रात में ही बब्बन को लेकर रवाना हो गई। वह पुलिस की जीप में भी बड़े आराम से बैठा दिख रहा था। उसके चेहरे पर डर जैसे भाव नहीं थे। पकड़े जाने के बाद वह शर्ट-पैंट पहनकर गया। कंधे पर लाल रंग का थैला लिए था।

SP सिटी अरविंद कुमार ने कहा- बीड पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है।