पानीपत में युवक की हत्या:घर के बाहर पड़ा मिला शव; सिर पर लगी थी चोट, रात में घर से निकला था

हरियाणा के पानीपत जिले के गांव निंबरी में घर के बाहर युवक का शव पड़ा मिला। परिजन जब अलसुबह उठे, तो उन्होंने दरवाजे पर अपने बेटे को मृत पड़ा देखा। जिसके बाद आनन-फानन में परिजन तुरंत उसे सिविल अस्पताल ले गए। जहां चेकअप के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवा दिया गया है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई में जुटी हुई है।

फोन पर बात करता हुआ गया था घर से बाहर

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान प्रवीन निवासी गांव निंबरी के रूप में हुई है। वह 3 भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उससे छोटा भाई अंकुश और सबसे छोटी बहन मनीषा है। पिता के देहांत के बाद से 21 वर्षीय प्रवीन दिहाड़ी-मजदूरी कर घर का गुजारा चलाता था। बीती रात करीब 11 बजे वह घर से फोन पर बात करता हुआ बाहर की ओर चला गया।

रात भर वह वापस नहीं लौटा। शनिवार अल सुबह करीब 4 बजे पड़ोसी और दूध वाले ने उसे घर के बाहर गली में पड़ा देखा। जिसके बाद उन्होंने इस बारे में उसके परिजनों को बताया। उसके सिर पर चोट लगी थी। जिससे उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है।