हमारी मांग उन पांच सीट की है, जो भाजपा गठबंधन के पास हैं। हम अपनी पूरी तैयारी कर रहे हैं। हमारे आने से सपा भी ताकतवर हुई है।
यह बात कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कही। उन्होंने कहा- ईरान में इजराइल की तरफ से चीजें हो रही हैं। मैं उसकी निंदा करता हूं।
अजय राय ने वाराणसी से मोदी के खिलाफ चुनाव हारने की वजहों का भी खुलासा किया। कांग्रेस सपा के अलग-अलग चुनाव लड़ने की अटकलों पर भी बात रखी।
सवाल: उपचुनाव में कांग्रेस-सपा साथ लड़ेगी? सीट शेयरिंग पर कहां पेच फंसा?
जवाब: भाजपा गठबंधन के पास जो 5 सीटें थीं, हमने उनका प्रस्ताव बनाकर केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिया है। फैसला केंद्रीय नेतृत्व को करना है। मुझे लगता है कि बहुत जल्द निर्णय हो जाएगा।
सवाल: सपा से कितनी सीटें मांग रहे? मनमुताबिक नहीं मिली तो गठबंधन पर असर पड़ेगा?
जवाब: हमारी मांग उन पांच सीटों की है, जो भाजपा गठबंधन के पास हैं। हम अपनी पूरी तैयारी कर रहे हैं। दो विधानसभाओं फूलपुर और मझवां में ‘संविधान गौरव सम्मेलन’ किया। आगे भी 7 अक्टूबर से हमारी तैयारी पूरी है।
सवाल: सपा-कांग्रेस के अलग-अलग लड़ने के कितने चांस हैं?
जवाब: हम सब लोग आपस में मिलकर बात कर रहे हैं। हमारा नेतृत्व भी बात कर रहा है। आपस में मिलकर यूपी में लड़ाई होगी। जमकर लड़ेंगे, क्योंकि भाजपा को हराना कांग्रेस और सपा का लक्ष्य है। अत्याचार, अन्याय और बुलडोजर की, जो इनकी दबंग राजनीति है, उसे दोनों मिलकर खत्म करेंगे
सवाल: क्या उपचुनाव में डिमांड की गईं सीटें जीत लेंगे? जवाब: मैं आपकी बात से सहमत नहीं हूं। आप एकतरफा बात कर रहे हैं। अगर सपा के साथ आने से हमें फायदा हुआ है, तो हमारे आने से सपा भी ताकतवर हुई है, मजबूत हुई है। उसे भी फायदा मिला है।
सवाल: कांग्रेस में आप पूर्वांचल के सबसे बड़े नेता हैं। फिर भी पार्टी आपको हारी हुई सीट (काशी) से क्यों चुनाव लड़ाती है? जवाब: मैं कांग्रेस का सच्चा सिपाही हूं। कांग्रेस का वर्कर हूं। कांग्रेस जहां कहेगी कि तुम्हें कूदना है, तो उसके लिए अजय राय तैयार है। वैसे भी मैं अपनी चॉइस से नरेंद्र मोदी से लड़ता हूं। क्योंकि वह (काशी) मेरी मातृभूमि है।
मैं गुजरात से नहीं आया। मैं अहमदाबाद का रहने वाला नहीं हूं। मैं बाबा काशी विश्वनाथ का भक्त हूं, गंगा का पुत्र हूं, कहने वाला दिखावटी नहीं हूं। मैं मां गंगा की गोद में पैदा हुआ हूं। निश्चित रूप से मैं अपनी चॉइस से बनारस से लड़ता हूं।
सवाल: वाराणसी में इस बार टक्कर कांटे की रही। क्या आपको जीतने की उम्मीद थी?
जवाब: हमने कहा न कि काशी हमारी धरती है। काशी के हम जानी ला.. काशी हमार हौ…। काशी के लोग हमारे साथ जुड़े हैं। वह हमको प्यार करते हैं। हम उनके सुख-दुख वाले हैं। हमारा एक नारा है, ‘घर से लेकर घाट तक।’ घर में बच्चा पैदा होता है, तब भी मैं उनके दरवाजे पर जाता हूं। अर्थी जाती है, तो घाट पर रहता हूं।
कंधा देकर हम वहां तक जाते हैं। मेरा वह रिश्ता है। मोदी जी चुनाव हारे हैं। वह 6 राउंड तक हमसे पीछे थे। 6 राउंड के बाद फिर इन लोगों ने पूरी तरह से अपनी मशीनरी का इस्तेमाल किया। कमिश्नर 5 साल से वाराणसी में बैठा है। पहले डीएम था। पूरी की पूरी मशीनरी लगाकर अजय राय को चुनाव हराया।
सवाल: आप सरकार की तमाम खामियां गिना देंगे, लेकिन कुछ काम तो अच्छे होंगे?
जवाब: अच्छाइयां या अच्छे काम इनके कुछ भी नहीं हैं। इनकी नीति है- केवल तोड़-फोड़ करो। अच्छाई यह है कि केवल इवेंट मैनेजमेंट करते हैं। यह बड़े-बड़े इवेंट करेंगे, फोटोग्राफी होगी। फूल-माला पहनाई जाएगी। गुलाब के फूल बरसाए जाएंगे। फोटो खिंचवाएंगे, चले जाएंगे।
जब से प्रदेश में योगी सरकार आई, तब से पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। अभी मैं भदोही गया था, जहां एक पुजारी की गला काट कर हत्या कर दी गई थी। मंदिर के अंदर हनुमान जी के पुजारी को मार दिया गया।
वह लगातार वहां के प्रशासन से गुहार लगा रहे थे, धमकियां मिल रही थीं। बड़ी-बड़ी बातें करने वाले लोग सनातन धर्म के पुजारी की रक्षा नहीं कर पाए। वह पुजारी जो भगवान से प्रार्थना करता है कि सर्व समाज सुखी हो, प्रसन्न रहे, जब उनकी हत्या हो रही है, तो फिर मैं समझता हूं कि उत्तर प्रदेश में कोई सुरक्षित नहीं है।
सवाल: मुख्तार की मौत पर आपने जांच की मांग की। क्या अंसारी परिवार से दिल का रिश्ता जुड़ चुका है?
जवाब: छोटे भाई के लिए जो मेरा कर्तव्य था, उस वक्त मैं उसके साथ खड़ा रहा। ईमानदारी के साथ खड़ा रहा। जो मेरा कर्तव्य था, वह मैंने किया। लेकिन हमारे यहां सनातन धर्म में या किसी भी धर्म में जब किसी की मौत हो जाती है, तो उसके खिलाफ प्रसन्नता व्यक्त नहीं की जाती। मैंने शोक व्यक्त किया, मेरा कर्तव्य था, मैंने अपना धर्म निभाया।
सवाल: एनकाउंटर और बुलडोजर पॉलिटिक्स को लेकर आपका क्या स्टैंड?
जवाब: जब से योगी सरकार आई, बुलडोजर, तोड़ो-गिराओ, बरबाद करो, चल रहा है। एक छोटे से मकान को बनाने में जीवन बीत जाता है। मैं आज तक अपना मकान नहीं बना पाया। जिस मकान में रहता हूं, वह मेरे पिता का है। उसी की साफ-सफाई कर वहीं रह रहा हूं। मेरी पैदाइश वहां पर है।
एक मकान बनाइए, पूरा जीवन निकल जाता है। ये रोज मकान तोड़ रहे, लोगों को बेघर कर रहे हैं। बद्दुआएं ले रहे हैं, लोगों का श्राप ले रहे हैं। आप देखिएगा पूरी तरह से ध्वस्त हो जाएंगे। आने वाली पीढ़ियां भाजपा को पूछेंगी तक नहीं। 40-50 साल के लिए ये बाहर हो जाएंगे।
सवाल: यूपी में हाल में जो घटनाएं हुईं, उनमें सपा के कई नेताओं का नाम आया। इसे कैसे देखते हैं? जवाब: सरकार अत्याचार कर रही है। अयोध्या में मोईद खान को देख लीजिए। अब ताे डीएनए रिपोर्ट भी आ गई है। उसमें कहीं उनका नाम नहीं। उनका घर गिरा दिया गया। उसकी क्षतिपूर्ति कौन करेगा। उनकी बेकरी को गिरा दिया गया। उसकी क्षति पूर्ति कौन देगा। इसी तरह भदोही से विधायक को किस तरह फंसाया गया। पत्नी, बेटे सबके खिलाफ मुकदमे हो गए, जेल में डाल दिया गया। यह अत्याचार हो रहा है। खासकर माइनॉरिटी वर्ग के खिलाफ यह सरकार अत्याचार-अन्याय कर रही है। केवल हिंदू-मुसलमान को बांटने का काम कर रही है। कांग्रेस यह कभी नहीं होने देगी। हम इनके साथ खड़े हैं और इनको न्याय दिलाएंगे।
कल जाहिद बेग के घर गया था, उनके पिता वहां से सांसद रहे। खुद जाहिद बेग दो बार के विधायक हैं। घर देखकर नहीं लगा कि हम किसी दो बार के विधायक या पूर्व सांसद के घर आया हूं। हमने उनको भरोसा दिलाया है कि वे खुद को अकेला न समझें। पूरी कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है।
सवाल: आप सपा के भदोही से विधायक के घर गए, सपा का कोई नेता वहां नहीं गया, कहीं मुस्लिम वोट बैंक पर नजर तो नहीं?
जवाब: नहीं भाई, यह इंसानियत है, मानवता है। जहां कहीं भी अत्याचार होता है, वहां हम लोग खड़े हैं। आप देख सकते हैं कि कुछ दिन पहले बहराइच में भेड़िए का आतंक था। सबसे पहले हम लोग वहां गए। अयोध्या में एक अनुसूचित जाति की बिटिया के साथ भाजपा नेताओं ने रेप किया, हम लोग पीड़ित के साथ खड़े हैं। बहराइच में गरीबों के मकान गिराए गए हैं, कल वहां जा रहे हैं।
सवाल: राहुल गांधी पिछड़ों की बात करते रहे हैं। आपकी यूपी की टीम में प्रमोद तिवारी, राजीव शुक्ला, अविनाश पांडेय, और आप… अहम पदों पर सामने तो यही नजर आते हैं? क्या यूपी में पिछड़े नेताओं की कमी है?
जवाब: ऐसा बिल्कुल नहीं है। हमारे पास काम करने वाले लोग हैं। बड़े चेहरे के तौर पर आप नाम देख सकते हैं। बाराबंकी से सांसद तनुज पुनिया जी हैं। सीतापुर से राकेश राठौर हैं, जो तेली समाज से आते हैं। पश्चिम में इमरान मसूद माइनॉरिटी का बड़ा चेहरा हैं। इंदल रावत पासी समाज से हैं, वह हमारे विधायक रहे। राहुल गांधी से बड़ा चेहरा किसका है। अनिल यादव पूरे संगठन का काम देख रहे हैं। हमारे यहां सभी समाज के लोग हैं। सब मिलकर काम कर रहे हैं। यहां सबका सम्मान है, सबको प्यार है।
सवाल: जब चुनाव आता है, तभी प्रियंका गांधी यूपी में सक्रिय होती हैं। अभी उनका यूपी आना-जाना नहीं हो रहा?
जवाब: यूपी प्रियंका गांधी की मातृभूमि है। प्रयागराज हो, अमेठी हो या रायबरेली, वहां से पीढ़ियों से रिश्ता है। वो पूरे देश की नेता हैं। जम्मू-कश्मीर में रैलियां कर रही हैं। हरियाणा में पदयात्रा कर रही हैं। हिमाचल, तेलंगाना में भी किया। वह देश की नेता हैं। हम लोग चाहते हैं कि उनकी नजर हम लोगों पर बनी रहे।
सवाल: 2027 में योगी को हराने के लिए कांग्रेस क्या तैयारी कर रही है?
जवाब: देखिए, योगी अब जाने वाले हैं। तोड़ो-फोड़ो, जेल में डालो, प्रताड़ित करो। ये जाने वाले लोग हैं। जब भेड़िया से रक्षा नहीं कर पा रहे हैं, तो आप सोच सकते हैं। ये रोजगार नहीं दे पाए, काम नहीं दे पाए। कहीं कोई फैक्ट्री नहीं लगी, एक भी नया कारखाना नहीं बना। एक भी नया अस्पताल नहीं बना। मेडिकल कॉलेज के जो दावे किए जा रहे हैं, उसकी हकीकत भी देख लीजिए। बनवाया किसने? सब गुजरात के ठेकेदारों ने सारे गुजरात के लोगों को पैसा कमवाने के लिए बिल्डिंग बनवा दी गई। कोई सुविधा नहीं दी गई। अरबों रुपए की केवल बिल्डिंग खड़ी है।
सवाल: मध्य प्रदेश चुनाव के दौरान आपने सपा नेताओं पर टिप्पणी की थी। सपा नेताओं ने भी जवाब दिया था। उसे लेकर मनमुटाव है क्या? जवाब: यह सब उस समय की बात थी। सारी चीजें खत्म हो चुकी हैं। एक-दूसरे के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। भाजपा भगाना ध्येय है। भारतीय जनता पार्टी को यूपी की धरती से भगाना, इनको मिटाना। यह हमारा धर्म है, कर्तव्य है। इस पर हम साथ खड़े हैं।
सवाल: ईरान ने इजराइल पर हमला किया। केंद्र सरकार इजराइल के साथ है। आपकी पार्टी का क्या स्टैंड है? जवाब: कांग्रेस सर्वधर्म समभाव के तहत काम करती है। सबको साथ लेकर चलती है। यह जो अत्याचार-अन्याय हो रहा है, वह गलत है। जिस तरह से इजराइल की तरफ से चीजें हो रही हैं, मैं निंदा करता हूं। निश्चित रूप से ये चीजें बंद होनी चाहिए। यूनाइटेड नेशन को आगे आना चाहिए। इसको रोकना चाहिए।