हरियाणा के भिवानी में आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ बनने जा रही है। भाजपा की किसान व आमजन विरोधी नीतियों से पूरा प्रदेश परेशान है।
भिवानी की अनाज मंडी में बुधवार को भिवानी विधानसभा सीट से कांग्रेस- कम्युनिस्ट पार्टी सांझा उम्मीदवार कामरेड ओमप्रकाश के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कामरेड ओमप्रकाश को भिवानी से जिताने की अपील की।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि किसानों की आमदनी दुगुनी करने का वायदा करने वाली बीजेपी सरकार ने किसानों पर अत्याचार किए। तीन काले कानूनों को लेकर किसानों ने आंदोलन चलाया, 750 किसानों को जान गंवानी पड़ी। आखिरकार काले कानून वापस लेने पड़े। हुड्डा ने कहा कि किसान, कर्मचारी, मजदूर हर वर्ग पर जुल्म किए गए। किसानों की आमदनी दोगुनी करने का वायदा करने वाली सरकार ने बीज, खाद के दाम बढ़ा दिए।
विधवाओं को मिलेगी 6 हजार की पेंशन
भूपेंद्र हुड्डा ने कांग्रेस द्वारा किए गए वायदों को दोहराते हुए कहा कि एमएसपी को कानूनी गारंटी दी जाएगी। महिलाओं के खाते में दोव हजार दिए जाएंगे, 500 रूपए का सिलेंडर दिया जाएगा, विधवाओं को 6 हजार रुपए पेंशन दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने नौकरी को ठेके पर देना शुरू कर दिया। सरकार खुद ठेकेदार बन गई। जिसमें न आरक्षण न योग्यता, भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया।
हुड्डा ने कहा कि सरकार बनने पर दो लाख रोजगार युवाओं को पक्की नौकरी दी जाएगी। ओल्ड पेंशन स्कीम देकर कर्मचारियों को उनका हक दिया जाएगा। भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में कानून नाम की कोई चीज नहीं है। प्रदेश भृष्टाचार, महंगाई व बेरोजगारी में एक नंबर पर है। आज प्रदेश में 2 लाख पक्की नौकरियां खाली पड़ी हैं।