रेवाड़ी में आज होंगी पोलिंग पार्टियां रवाना:मतदान केंद्र से 200 मीटर दूर बनेंगे बूथ, पोस्टर-झंडे बैन, 792 बूथों पर होगा मतदान

हरियाणा में रेवाड़ी जिले की तीनों विधानसभा सीटों पर 5 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए शुक्रवार दोपहर से ही पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना होनी शुरू हो जाएंगी। चुनाव अधिकारी सबसे पहले सेक्टर-18 स्थित गर्ल्स कॉलेज में पोलिंग पार्टियों को संबोधित करेंगे।

उन्हें चुनाव सामग्री देकर रवाना किया जाएगा। इस बार राजनीतिक दलों के बूथ मतदान केंद्र से 200 मीटर दूर बनाए जाएंगे। इसके साथ ही बूथ पर राजनीतिक दल पोस्टर या झंडे नहीं लगा सकेंगे।

आपको बता दें कि रेवाड़ी जिले में तीन विधानसभा सीटें कोसली, रेवाड़ी और बावल हैं। इनमें कुल 7 लाख 32 हजार 913 मतदाता हैं। बावल आरक्षित सीट पर कुल 2 लाख 29 हजार 170 मतदाता हैं। इनमें बावल में 1 लाख 19 हजार 626 पुरुष और 1 लाख 9 हजार 55 महिलाएं हैं।

रेवाड़ी सीट पर कुल 2 लाख 53 हजार 892 मतदाता

रेवाड़ी सीट पर कुल 2 लाख 53 हजार 892 मतदाता है। इसमें एक लाख 32 हजार 55 पुरूष और 1 लाख 21 हजार 337 महिलाएं हैं। इसी तरह कोसली विधानसभा सीट पर कुल 2 लाख 49 हजार 851 मतदाता है। इनमें एक लाख 30 हजार 301 पुरूष और 1 लाख 19 हजार 550 महिलाएं है।

जिले में कुल 792 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। बावल में 257, रेवाड़ी में 259, कोसली में 276 मतदान केंद्रों पर शनिवार सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू होगी। चुनाव को लेकर सुरक्षा के भी कड़े बंदोबस्त किए गए है। कुल 2514 पुलिसकर्मी की ड्यूटी चुनाव में लगाई गई है। इसके अलावा बीएसएफ की 2 और आरएएफ की 3 कंपनियां तैनात रहेंगी। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा कड़ी रहेगी।