पुणे में ऑडी ने डिलीवरी बॉय को कुचला, मौत:कार सवार भागा; CCTV से आरोपी की पहचान हुई, गिरफ्तार

महाराष्ट्र के पुणे में हिट एंड रन का नया मामला सामने आया है। मुंढवा इलाके में ताड़ीगुट्टा के पास एक ऑडी कार ने फूड डिलीवरी बॉय को टक्कर मार दी। फिर कार से कुचलकर भाग गया।

घायल बाइक सवार को अस्पताल में एडमिट कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रऊफ अकबर शेख के रूप में हुई। पुलिस ने बताया, कार सवार ने इससे पहले एक स्कूटी को भी टक्कर मारी, जिसमें 3 घायल हो गए।

CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। उसकी पहचान 34 साल के आयुष तयाल के रूप में हुई। वह एक प्राइवेट कंपनी में बड़ा अधिकारी है। पुलिस ने उसे घर से गिरफ्तार कर लिया।

टक्कर मारने के बाद भी आरोपी ने कार नहीं रोकी

पुणे पुलिस के मुताबिक, घटना गुरुवार (10 अक्टूबर) देर रात करीब 1.35 बजे की है। मुंढवा इलाके में गूगल ऑफिस के बाहर ऑडी कार में सवार आरोपी ने पहले एक स्कूटी को टक्कर मारी। फिर उसने फूड डिलीवरी बॉय की बाइक पर कार चढ़ा दी। शुरुआती जानकारी में पता चला कि कार ड्राइवर शराब के नशे में था।

बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद भी आरोपी ने कार नहीं रोकी। उसने घायल शख्स को कार के नीचे कुचल दिया और तेजी से भाग गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे से पहले कार की पहचान की। फिर उसके मालिक का पता लगाया। आरोपी को हड़पसर इलाके में उसके घर से अरेस्ट कर लिया गया।

शिवसेना (शिंदे गुट) नेता राजेश शाह के बेटे मिहिर शाह ने 7 जुलाई को BMW से कावेरी नखवा नाम की महिला को कुचल दिया था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी पलट गई और दोनों पति-पत्नी कार के बोनट पर गिर गए। पति खुद को बचाने की कोशिश में बोनट से तुरंत कूदे, लेकिन पत्नी उठ नहीं सकी। एक्सीडेंट के बाद मिहिर ने सबसे पहले अपने पिता को फोन किया। उन्होंने ही उसे भागने के लिए कहा था। इसके बाद मिहिर ने BMW कार और ड्राइवर को बांद्रा के कला नगर के पास छोड़ा। पकड़े न जाने के लिए उसने कार की नंबर प्लेट हटा दी थी।