हरियाणा CM का शपथग्रहण 17 अक्टूबर को:तीसरी बार बदली डेट, दिल्ली में अमित शाह के घर देर रात तक चली मीटिंग

हरियाणा सीएम का शपथग्रहण समारोह अब 17 अक्टूबर को होगा। यह तीसरी बार है जब प्रदेश के सीएम के शपथग्रहण समारोह की तारीख बदली गई है। इससे पहले 12 और 15 अक्टूबर की तारीख तय की गई थी।

शुक्रवार शाम को केंद्रीय नेतृत्व ने कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को फिर दिल्ली बुलाया था। यहां नायब सिंह सैनी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। जहां देर रात तक बैठक हुई, जिसमें शपथ ग्रहण समारोह और सैनी मंत्रिमंडल पर चर्चा हुई।

समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा अमित शाह और राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस दौरान सैनी मंत्रिमंडल को लेकर चर्चा करेंगे।

पंचकूला के सेक्टर 5 स्थित परेड ग्राउंड को शपथ ग्रहण के लिए चुना गया है। यहां मंच बनाया जा रहा है। कार्यक्रम में 50 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। शुक्रवार को पूर्व सांसद संजय भाटिया और एडीजीपी आलोक मित्तल ने परेड ग्राउंड में तैयारियों का जायजा लिया।

हरियाणा रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री नायब सैनी पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के नए आवास पर पहुंचे। मनोहर लाल का नया आवास अब गृह मंत्री अमित शाह के पास है। नायब सिंह सैनी सुबह करीब 11 बजे दिल्ली से रवाना होंगे। वे कुरुक्षेत्र जाएंगे।

वहां वे शाम 4 बजे लाडवा विधानसभा में दशहरा कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहां से वे शाम करीब 6 बजे पंचकूला आएंगे। जहां वे शालीमार गार्डन में दशहरा कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे।

हरियाणा विधानसभा चुनाव के रिजल्ट 8 अक्टूबर (मंगलवार) को आए, जिसमें भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला है। भाजपा के खाते में 48 सीटें आईं। 3 निर्दलीय विधायकों ने भी भाजपा को समर्थन दे दिया। ऐसे में भाजपा के पास कुल 51 विधायक हो गए हैं। भाजपा को समर्थन देने वाले विधायकों में बहादुरगढ़ से राजेश जून, गन्नौर से देवेंद्र कादियान और हिसार से सावित्री जिंदल शामिल हैं।

2 दिन दिल्ली में गुजारने के बाद नायब सैनी गुरुवार शाम को चंडीगढ़ पहुंचे। 11 अक्टूबर को उन्होंने सभी भाजपा विधायकों को अपने-अपने हलकों की अनाज मंडी पहुंचकर धान की खरीद का जायजा लेने के निर्देश दिए। नायब सैनी खुद भी कुरुक्षेत्र जिले की विभिन्न अनाज मंडियों में पहुंचे।

यहां उन्होंने अधिकारियों से किसानों को किसी भी तरह की परेशानी न आने देने के निर्देश दिए। साथ ही व्यवस्था खराब मिलने पर 2 अधिकारियों अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया और 2 घंटे में हालात सुधारने को कहा।

11 अक्टूबर को पंचकूला के परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर हलचल तेज हुई। सबसे पहले करनाल से पूर्व सांसद संजय भाटिया यहां पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद ADGP आलोक मित्तल ग्राउंड पर पहुंचे। परेड ग्राउंड के आसपास सड़क बनने का काम शुरू हुआ।

शाम को दोबारा चर्चा शुरू हुई कि PM मोदी के विदेश में होने के कारण शपथ ग्रहण समारोह एक-दो दिन और टल सकता है। इसके बाद नायब सैनी दोबारा दिल्ली में केंद्रीय नेताओं से मिलने के लिए रवाना हो गए।