ट्रम्प बोले- अमेरिकियों का रेप-मर्डर कर रहे अप्रवासी:राष्ट्रपति बना तो उन्हें मौत की सजा दूंगा; उन देशों में भेजूंगा, जिनसे अमेरिका जंग लड़ रहा

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को अमेरिका के कोलोराडो में चुनावी रैली की। ट्रम्प ने 80 मिनट की स्पीच दी। उन्होंने कहा, “हम पर उन अप्रवासियों ने आक्रमण किया है जो अमेरिकियों का रेप और कत्ल कर रहे हैं।”

ट्रम्प ने वादा किया कि 5 नवंबर की तारीख अमेरिका में आजादी का दिन होगा। जो भी अप्रवासी अमेरिकी नागरिक की हत्या करेगा उसे मौत की सजा दी जाएगी। अप्रवासियों को राक्षस और जानवर बताते हुए ट्रम्प ने कहा कि कोलोराडो के अरोरा में लेटिन अमेरिकी अप्रवासी आतंक फैला रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज दुनिया अमेरिका को एक ऐसे देश के तौर पर जानती है, जहां कब्जा किया जा चुका है। हम पर एक आपराधिक ताकत ने कब्जा कर रखा है।

ट्रम्प ने उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस को भी अपराधी बताया और कहा- अगर कमला हैरिस राष्ट्रपति बनीं तो देश खत्म हो जाएगा। ट्रम्प ने दावा कि कोलोराडो में वेनेजुएला से आए लोगों को पुलिस पर गोली चलानी की इजाजत दे दी गई है। हालांकि, न्यूयॉर्क टाइम्स ने अपनी रिपोर्ट में ट्रम्प के इस दावे को झूठा बताया है।

ट्रम्प ने कहा कि अगर हैरिस चुनाव जीत गईं तो अमेरिका में 2 करोड़ नए अप्रवासी आ जाएंगे और हमारा देश खत्म हो जाएगा। ट्रम्प ने कहा कि वे अप्रवासियों के खिलाफ ऑपरेशन अरोरा की शुरुआत करेंगे। इसके तहत सरकार को विदेशियों को उन देशों में भेजने की इजाजत मिल जाएगी, जिनके खिलाफ अमेरिका जंग लड़ रहा होगा।

इससे पहले 10 सितंबर को कमला हैरिस के साथ प्रेसिडेंशियल डिबेट में ट्रम्प ने इमिग्रेशन के मुद्दे पर कहा था कि अमेरिका में रोज हजारों अपराधी आ रहे हैं। वे (प्रवासी) कुत्ते-बिल्लियों को खाते हैं। इससे पहले जुलाई में पेंसिलवेनिया में रैली के दौरान जब ट्रम्प पर हमला हुआ, तब भी वे अप्रवासियों पर ही भाषण दे रहे थे।

हमले के बाद भी ट्रम्प ने कहा था, “अमेरिका में नौकरियां किसे मिल रही हैं, अमेरिका की 107% नौकरियां गैर कानूनी एलियन्स हड़प रहे हैं।” ट्रम्प ने अवैध प्रवासियों की तुलना फिल्मी दुनिया के मॉन्सटर्स से करते हुए कहा था कि वे आपको खा जाएंगे।”

अमेरिका में पिछले 11 सालों में भारतीय प्रवासियों की तादाद डेढ़ गुना ज्यादा हो गई है। अमेरिका लंबे समय से भारतीयों के लिए सबसे पसंदीदा देश रहा है। हालत ये हो गए हैं कि यहां पहुंचने के लिए लोग गलत रास्ता अपनाने लगे हैं।

एक रिपोर्ट के मुताबिक साल 2012 से 2022 के बीच मेक्सिको के जरिए अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश करने वाले भारतीय प्रवासियों की संख्या में 100 गुना बढ़ोतरी हुई है।

साल 2012 में अमेरिका की कस्टम और बॉर्डर पेट्रोल पुलिस ने 642 ऐसे मामले दर्ज किए थे जिनमें भारतीय प्रवासियों ने गैर कानूनी तरीके से मैक्सिको के जरिए अमेरिका में प्रवेश करने की कोशिश की थी। साल 2022 में ये संख्या बढ़कर 63,927 हो गई है। ​​​​​​दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि उनका बिजली बिल कम करने का आइडिया अब अमेरिका के चुनावों तक पहुंच गया है। उन्होंने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के एक बयान के बारे में सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि ‘फ्री की रेवड़ी’ US पहुंच गई है।