ग्रेटर नोएडा देर रात एक फॉर्च्यूनर कार जलकर राख हो गई। इस कार से एक प्रॉपर्टी डीलर की जली हुई लाश बरामद की गई है। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम की मानें तो यह हादसा नहीं है। हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।
पूरा मामला दादरी थाना क्षेत्र के कोट पुलसस गांव नगला नैनसुख के पास का है। कार सड़क से लगभग 100 मीटर अंदर झाड़ियों में मिली। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी कोशिश की, लेकिन युवक को बचाया नहीं जा सका।
पुलिस के अनुसार- काले रंग की फॉर्च्यूनर कार जलते हुए मिली। इसका रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी 14 जीसी 3609 है। इससे बरामद हुए शव की पहचान गाजियाबाद के नेहरू नगर निवासी संजय यादव के रूप में हुई है। वह प्रॉपर्टी डीलर थे। पुलिस की मानें तो संजय की हत्या करने के बाद उसकी गाड़ी में आग लगा दी गई, ताकि यह हादसा लगे।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। गाड़ी में लगी आग को बुझाया गया। इसके बाद प्रॉपर्टी डीलर को अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
गेट खोलने की कोशिश की, पेट्रोल टैंक में लगाई गई थी आग
कार को जलता देख सड़क से गुजर रहे कुछ लोग झाड़ियों की तरफ गए। तब कार के एक तरफ आग लगी हुई थी। लोगों के मुताबिक- ड्राइविंग सीट पर एक आदमी का सिर हैंडल और शीशे के बीच फंसा था। कार का गेट खोलकर उसे बाहर निकालने का प्रयास किया गया। लेकिन गेट लॉक थे। कार के पेट्रोल टैंक में आग लगाई गई थी। महज 10 मिनट में पूरी कार धू-धू कर जलने लगी।
घर से साइट पर जाने को निकले थे
संजय यादव के परिजनों ने बताया कि वह गाजियाबाद से साइट पर जाने के लिए निकला था। रात करीब आठ बजे के बाद से संजय का फोन स्विच ऑफ बता रहा था।
हिरासत में लिए गए दो संदिग्धों से पूछताछ जारी
मामले में पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह पता चला है कि ज्वेलरी के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था, जिसे लेकर संजय यादव की हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की गहनता से जांच कर रही है और मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
डीसीपी ग्रेटर नोएडा अशोक कुमार ने बताया- कार से प्रॉपर्टी डीलर संजय यादव की जली लाश मिली। पूछताछ में पता चला कि वह अपने 2 दोस्तों के साथ निकला था। जेवरात को लेकर तीनों में विवाद था। जिन दोस्तों के साथ निकला था, उन्हें हिरासत में लिया गया है। पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मेरठ के होटल हारमनी-इन में हुई रेड के बाद बड़ा खुलासा हुआ। यहां मुंबई की तर्ज पर कसीनो चल रहा था। इस कसीनो में दिल्ली की बार बालाएं गेम खिलाती। वो जाम से लेकर कॉइन तक गैंबलर को परसोती। जब पुलिस ने होटल का यह सीन देखा तो माहौल देख खुद पुलिस वाले भी चौंक गए।