हरियाणा में युवक को बेहोश होने तक पीटा, कुकर्म किया:वीडियो बनाकर वायरल की; अवैध शराब पकड़वाने के शक में फ्लैट में बंधक बनाया

हरियाणा के सोनीपत में युवक को अवैध शराब पकड़वाने के शक में सोसाइटी के फ्लैट में बंधक बना लिया गया। बेहोश होने तक उसकी पटाई की गई। इतना ही नहीं, कुछ लोगों ने आंखों पर पट्‌टी बांधकर उससे कुकर्म भी किया। साथ ही वीडियो भी बना ली।

शराब पकड़े जाने से हुए नुकसान की भरपाई की एवज में उस पर 4 लाख रुपए देने का दबाव डाला गया। बाद में उसकी वीडियो भी वायरल कर दी गई। वारदात को लेकर राई थाना में केस दर्ज हुआ है।

गांव में आकर बोला- हमारी शराब क्यों पकड़वाई

राई थाना पुलिस को दी शिकायत में असावरपुर गांव के एक युवक ने बताया कि वह दिल्ली में एक्साइज विभाग के प्राइवेट व्हीकल पर ड्राइवर था। हरियाणा का होने के कारण उसके पास 2 नंबर की दारू (शराब) बिक्री की मुखबिरी आती रहती थी। वह एक्साइज विभाग को इसकी जानकारी देकर अवैध शराब की गाड़ी पकड़वाता था। अब वह 2-3 महीनों से नौकरी पर नहीं जा हा था।

सोनीपत के बिधल गांव का साहब सिंह अवैध शराब का का काम करता है। इसकी हरियाणा-दिल्ली में कई बार शराब पकड़ी गई थी। उसे शक था कि शराब उसने पकड़वाई है। साहब सिंह की बहन उसके गांव असावरपुर में शादीशुदा है। करीब एक महीना पहले साहब सिंह उसके घर पर आया था। उसने उसे कहा कि हमारी शराब की गाड़ी क्यों पकड़वाता है। साहब सिंह को जवाब दिया कि आप मेरे पर गलत शक कर रहे हो।

उसने साहब से कहा कि मैंने आपकी कोई गाड़ी नहीं पकड़वाई। आप हमारे गांव के रिश्तेदार हैं, मैं ऐसा गलत काम नही कराऊंगा। इसके बाद साहब सिंह उसका मोबाइल नम्बर लेकर चला गया। इसके बाद 2 अक्टूबर को उसके पास साहब सिंह के कई फोन आए। उसने फोन नहीं उठाए। फिर 3 अक्टूबर को दिन में करीब 11 बजे फिर से फोन आया। फोन उठाने पर उसने कहा कि तुझसे मिलना है। वह उसकी बात में आ गया और गांव के अड्डे पर चला गया।

बेटी के साथ अनहोनी का डर दिखा साथ ले गया

युवक ने बताया कि साहब सिंह बुलेट पर आया। वह उसके पास पहुंचा तो उसने कहा कि तेरी लड़की DPS में पढ़ती है, अगर उसकी सलामती चाहता है तो चुपचाप बुलेट पर बैठ जा। वह डर कर उसके पीछे बैठ गया। वह मुझे राठधना में सुपर मैक्स सोसाइटी में ले गया। वहां पर एक फ्लैट में पहले से 6-7 लड़के बैठे हुए थे। वह उनको नहीं पहचानता। साहब सिंह ने वहां उसे एक कमरे में ले जाकर बंद कर दिया।

बंधक बना बेहोश होने तक पीटा

युवक ने बताया कि करीब 1 घंटे बाद उसे कमरे से निकाला गया। वहां सभी ने मिलकर कहा कि इसके कपड़े उतारो। उसने डर के मारे खुद ही कपड़े उतार दिए। साहब सिंह ने एक लड़के को कहा कि इसकी वीडियो बना। इसके बाद साहब सिंह के कहने पर वहां मौजूद सभी युवकों ने उसे लात, घुंसे, जूतों से पीटना शुरू कर दिया। वह जब तक बेहोश नहीं हुआ, वे उसे पीटते रहे।

आंखों पर पट्‌टी बांधकर किया कुकर्म

युवक ने आगे बताया कि फिर थोड़ी देर बाद वह होश में आया तो दोबारा से उसके साथ गाली गलौज व मार पिटाई करने लगे। कहने लगे कि तेरे कारण हमारा लाखों का नुकसान हो गया है। यदि तुमने 4 लाख रुपए नहीं दिए तो तुझे और तेरे परिवार को जान से मारेंगे। वह डरता हुआ उनकी हां में हां मिलाता रहा। फिर साहब सिंह ने कहा कि इसकी आंखों पर कपड़ा बांधो। उसके मुंह पर कपड़ा बांधकर उसका अंडरवियर उतार दिया। इसके बाद साहब सिंह और उसके 1 या 2 साथियों ने उससे कुकर्म किया।

2-3 लड़कों ने पकड़े थे हाथ

युवक ने बताया कि इस दौरान 2-3 लड़कों ने उसके हाथ पकड़े हुए थे। यह काम उसके साथ 5-7 मिनट तक चलता रहा। फिर साहब सिंह ने उसे कहा कि कपड़े पहन ले। हमने तेरी सारी वीडियो बना रखी है। इस बारे में किसी के आगे नाम मत लेना।

10-12 दिन में तू हमें पैसे दे देगा तो यह वीडियो डिलीट कर देंगे। यदि रुपए नहीं दिए या किसी के आगे बताया तो तेरी वीडियो वायरल कर दूंगा। तुझे जान से मार देंगे। फिर साहब सिंह उसे मोटर साइकिल पर बैठाकर गांव में छोड़ गया।

बाद में वायरल कर दी वीडियो

युवक के अनुसार बीच-बीच में साहब सिंह उसे धमकी देकर पैसे मांगता रहा। उसने डर व शर्म के मारे इस घटना बारे न तो अपने परिवार को, न किसी जानकार को, न ही पुलिस को बताया। उसकी पिटाई की जो वीडियो साहब सिंह ने बनाई थी, आज उसे उसके जानकार के माध्यम से मिली। इसके बाद उसने अपने परिवार को इस घटना के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस थाने पहुंच कर शिकायत दी।

राई थाना में केस दर्ज

राई थाना के ASI अजमेर के अनुसार पुलिस ने युवक की शिकायत पर साहब सिंह व अन्य पर धारा 61, 115, 127(2), 140(3), 308(5), 351(2) BNS के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है।