महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव, MVA में सीट शेयरिंग तय:कांग्रेस 100-105, शिवसेना उद्धव 96-100, NCP शरद 80-85 सीटों पर लड़ेगी; आज ऐलान होगा

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए राज्य की 288 सीटों के लिए मंगलवार को महाविकास अघाड़ी (MVA) के बीच सीट शेयरिंग तय हो गई है। करीब 4 घंटे तीनों पार्टियों के नेताओं की बैठक चली।

बैठक के बाद शिवसेना उद्धव के नेता संजय राउत ने कहा- MVA में सीट शेयरिंग फाइनल हो चुका है। अब कोई और मीटिंग नहीं होगी। बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करके सीट शेयरिंग का ऐलान करेंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक,MVA में लोकसभा चुनाव के रिजल्ट को आधार बनाकर विधानसभा चुनाव में सीट शेयरिंग तय की गई है। इसमें कांग्रेस 100-105, शिवसेना उद्धव 96-100 और एनसीपी शरद 80-85 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। अन्य दलों को 3-6 सीटें मिल सकती हैं।

महाराष्ट्र में 20 नवंबर को सिंगल फेज में वोटिंग होगी। रिजल्ट 23 नवंबर को आएगा। राज्य की विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को खत्म हो रहा है।

सीट शेयरिंग फाइनल होने से पहले सोमवार को शिवसेना (UBT) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा था कि MVA में 288 विधानसभा सीटों में से 210 पर सहमति बन गई है।

अखिलेश ने MVA से 12 सीटें मांगी थीं समाजवादी पार्टी (सपा) ने महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी (MVA) से 12 सीटें मांगी हैं। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने 19 अक्टूबर को धुले विधानसभा सिटी सीट से उम्मीदवार की घोषणा की। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा- हमने MVA से 12 सीटें मांगी हैं। सीटों की डीटेल्स भी उन्हें भेज दी गई हैं।

पार्टी ने 18 अक्टूबर को भिवंडी पूर्व से मौजूदा विधायक रईस शेख, भिवंडी पश्चिम से रियाज आजमी और मालेगांव मध्य से शान-ए-हिंद को प्रत्याशी बनाने का ऐलान किया था। सपा के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष और विधायक अबू आसिम आजमी ने कहा था- हमने पांच उम्मीदवारों की घोषणा की है, ताकि MVA को पता चले कि हम यहां मजबूत हैं, वरना वे बैठक में बताएंगे कि आपका उम्मीदवार मजबूत नहीं है।

भाजपा ने 21 अक्टूबर को पहली लिस्ट जारी की, 79 चेहरे रिपीट विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने 21 अक्टूबर को 99 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी की। इनमें 6 सीटें एसटी और 4 सीटें एससी के लिए हैं। वहीं, 13 सीटों पर महिलाओं को टिकट दिया है। वहीं, 10 उम्मीदवार ऐसे हैं जो पहली बार चुनाव लड़ेंगे। मौजूदा तीन निर्दलीय विधायकों को भी टिकट दिया है।

डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस नागपुर दक्षिण-पश्चिम और महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले कामठी से चुनाव लड़ेंगे। महाराष्ट्र के पूर्व CM अशोक चव्हाण की बेटी श्रीजया चव्हाण को भोकर और पूर्व केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे के बेटे संतोष दानवे को भोकरदन सीट से टिकट दिया गया है।

सिंगल फेज में 20 नवंबर को चुनाव, 23 नवंबर को रिजल्ट महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को 2024 को खत्म हो रहा है। महाराष्ट्र में महायुति यानी शिवसेना, भाजपा और NCP अजित पवार गुट की सरकार है। एंटी इनकम्बेंसी और 6 बड़ी पार्टियों के बीच बंटने वाले वोट को साधना पार्टी के लिए बड़ी चुनौती होगी।

महाराष्ट्र 2019 विधानसभा चुनाव समीकरण

  • 2019 में ‌BJP-शिवसेना गठबंधन था। बीजेपी ने 105 सीटें और शिवसेना ने 56 सीटें जीती। गठबंधन से NCP को 54 और कांग्रेस को 44 सीटें मिलीं थी। भाजपा-शिवसेना आसानी से सत्ता में आ जाती, पर मनमुटाव के कारण गठबंधन टूट।
  • 23 नवंबर 2019 को फड़नवीस ने मुख्यमंत्री और अजीत पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। ये सुबह-सुबह की शपथ थी। पर बहुमत परीक्षण से पहले 26 नवंबर 2019 को दोनों ने इस्तीफा दे दिया। 28 नवंबर 2019 को शिवसेना, NCP और कांग्रेस की महा विकास अघाड़ी सत्ता में आई। इसके बाद शिवसेना और NCP में बगावत हुई और 4 दल बने। लोकसभा चुनाव में शरद और उद्धव को बढ़त मिली। इन्हीं सब पृष्ठभूमि में विधानसभा चुनाव होगा।

    लोकसभा नतीजों के आधार पर महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों का एनालिसिस

    महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में पहली बार छह बड़ी पार्टियों के बीच मुकाबला हो रहा है। इसके लिए वोटिंग 20 नवंबर को होगी और को नतीजे 23 नवंबर आएंगे। लोकसभा सीटों को 288 विधानसभा के हिसाब से एनालिसिस करने पर कई चौंकाने वाली चीजें मिली हैं।