सर्दियों के सुपरफूड- सर्दियों में रोज खाएं मूली:पत्ते भी सुपरफूड, पाचन में मददगार, कैंसररोधी तत्वों से भरपूर, जानें साइड इफेक्ट

‘सर्दियों के सुपरफूड’ सीरीज में आज का फूड है– मूली।

सबसे ज्यादा रंग-बिरंगी और स्वादिष्ट सब्जियां ठंड के मौसम में मिलती हैं। इन सबके बीच सफेद रंग की मूली भी है। इसे सलाद में मिला लिया जाए तो खाने का स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। कुछ जगह लाल रंग की मूली भी मिलती है।

यह रूट वेजिटेबल मूल रूप से चीन और भारत में उगाई गई। इसके बाद यह मिस्र पहुंची और धीरे-धीरे मध्य एशिया के कई देशों में उगाई जाने लगी। मूली मध्य एशिया से ही पश्चिमी देशों में पहुंची और जल्द ही पूरी दुनिया इसके स्वाद की दीवानी हो गई।

अब इसकी कई किस्म और रंग बाजार में उपलब्ध हैं। यह जितनी स्वादिष्ट होती है, उतने ही औषधीय गुणों से भरपूर है। मूली खाने से पाचन में मदद मिलती है। यह ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर को भी कंट्रोल में रखती है। यह लिवर हेल्थ और डायबिटीज जैसी कई कंडीशन में भी मददगार है। मूली के अलावा इसके पत्ते भी विटामिन C, A और B से भरपूर होते हैं। इसमें आयरन और मैग्नीशियम जैसे महत्वपूर्ण मिनरल्स भी होते हैं।

इसलिए ‘सर्दियों के सुपरफूड’ सीरीज में आज बात करेंगे मूली की। साथ ही जानेंगे कि-

  • इसकी न्यूट्रिशनल वैल्यू क्या है?
  • किन बीमारियों का जोखिम कम होता है?
  • मूली के पत्ते खाना कितना फायदेमंद है?
  • किन लोगों को मूली नहीं खानी चाहिए?

दिन में मूली खाना अमृत समान

मूली में नेचुरल कंपाउंड सल्फोराफेन होता है। यह एक एंटीऑक्सिडेंट है, जो बहुत फायदेमंद होता है। इसके कारण मूली में ढेर सारे औषधीय गुण होते हैं। सल्फोराफेन ही इसे एंटी फंगल, एंटी माइक्रोबियल और एंटी कैंसर बनाता है। डॉ. अजय कुमार मूली के औषधीय गुण बता रहे हैं।

मूली की न्यूट्रिशनल वैल्यू

मूली में 93% से ज्यादा पानी होता है। इसमें फैट नहीं होता है। मूली में कार्ब की मात्रा भी बहुत कम होती है। इसमें प्रोटीन और शुगर किस मात्रा में होता है,

मूली में होते हैं कमाल के विटामिन और मिनरल

मूली उन सभी लोगों का भ्रम तोड़ती है, जिन्हें ये लगता है कि सिर्फ खट्टे फल और सब्जियों में विटामिन C होता है। मूली विटामिन C से भरपूर होती है। इसमें सोडियम, पोटेशियम और कैल्शियम जैसे महत्वपूर्ण मिनरल्स भी होते हैं।

रोज एक मूली खाने के 10 बड़े फायदे

डॉ. अजय कुमार कहते हैं कि ठंड के मौसम में रोज एक मूली खाने से बहुत सारे फायदे हो सकते हैं। ज्यादातर लोग यह जानते हैं कि मूली पाचन के लिए बेहद फायदेमंद है। इसके अलावा यह सर्दियों में हमारी बॉडी को हाइड्रेटेड रखती है। इम्यून सिस्टम को मजबूत करती है और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का जोखिम कम करती है। मूली खाने से और क्या फायदे होते हैं,

मूली से जुड़े कुछ कॉमन सवाल और उनके जवाब

सवाल: एक दिन में अधिकतम कितनी मूली खा सकते हैं?

जवाब: प्रतिदिन एक-दो मूली खाना सेफ है। इससे शरीर को सभी जरूरी पोषक तत्व मिल जाते हैं। ज्यादा मूली खाने से पेट में जलन और दर्द हो सकता है। ब्लड शुगर बहुत कम हो सकता है। इसके कारण पित्त रस बहुत अधिक बन सकता है और पेट से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए मूली लिमिट में ही खाएं।

सवाल: क्या मूली के पत्ते भी मूली के जितने ही फायदेमंद होते हैं?

जवाब: हां, सच यह है कि कई मामलों में मूली के पत्ते मूली से भी ज्यादा फायदेमंद होते हैं। इसमें ढेरों पोषक तत्व होते हैं। इसके अलावा ये आयरन, कैल्शियम, फोलिक एसिड, विटामिन C और फास्फोरस से भरपूर होते हैं, जो शरीर के लिए बहुत जरूरी हैं। मूली के पत्ते खाने से पीलिया, स्कर्वी और गठिया के इलाज में मदद मिलती है।

सवाल: रात में मूली खाने से मना क्यों किया जाता है?

जवाब: रात में मूली खाने से इसलिए मना किया जाता है क्योंकि इसके कारण ब्लड शुगर लो हो सकता है। मूली के कारण पित्त रस अधिक बनने से पेट में जलन और ऐंठन हो सकती है। इसके अलावा मूली में मौजूद विटामिन C रात में नींद न आने की वजह बन सकता है।

सवाल: मूली को कच्चा खाना बेहतर है या पकाकर?

जवाब: मूली को कच्चा या पकाकर दोनों तरह से खाना फायदेमंद है। मूली को पकाने से इसकी न्यूट्रिशनल वैल्यू पर खास फर्क नहीं पड़ता है। मूली में पाचन के इतने गुण होते हैं कि इसे कच्चा खाने पर भी पेट आसानी से पचा सकता है। ज्यादा फायदे के लिए इसे सुबह के नाश्ते या दोपहर के खाने के साथ खाया जा सकता है।

सवाल: क्या मूली खाने के कुछ नुकसान भी हैं?

जवाब: आमतौर पर सब लोग सुरक्षित रूप से मूली खा सकते हैं।

  • हालांकि कुछ लोगों को एलर्जिक रिएक्शन हो सकते हैं। उनके शरीर पर लाल रंग के चकत्ते पड़ सकते हैं।
  • मूली के प्राकृतिक डाइयूरेटिक गुणों के कारण कुछ लोगों को डिहाइड्रेशन हो सकता है।
  • इसमें हाइपोग्लाइसेमिक गुण होता है। इसलिए ब्लड शुगर लेवल बहुत कम हो सकता है।
  • इसके कारण पेट में दर्द और जलन की समस्या हो सकती है।

सवाल: किन लोगों को मूली नहीं खानी चाहिए?

जवाब: मूली खाने से कुछ कंडीशंस में लक्षण गंभीर हो सकते हैं। इन लोगों को मूली नहीं खानी चाहिए:

  • जिन्हें गॉलब्लैडर से जुड़ी कोई समस्या है या गॉलस्टोन है।
  • जिन्हें किडनी से जुड़ी कोई समस्या है।
  • जिनकी हाल ही में सर्जरी हुई है।
  • जिन्हें थायरॉइड से जुड़ी समस्या है।
  • जिन्हें डिहाइड्रेशन हुआ है।
  • जिन्हें पेट में जलन हो रही है।

सवाल: ज्यादा मूली खाने से क्या समस्या हो सकती है?

जवाब: मूली में प्राकृतिक डाइयूरेटिक गुण होते हैं, इसके कारण बार-बार पेशाब जाना पड़ सकता है। कुछ मामलों में डिहाइड्रेशन भी सकता है। हाइपोग्लाइसेमिक गुण के कारण ब्लड शुगर लेवल बहुत कम हो सकता है।

अगर लगातार कई दिनों तक रोज ज्यादा मूली खा रहे हैं तो थायरॉइड की समस्या हो सकती है। कुछ मामलों में गॉलस्टोन की समस्या भी हो सकती है।

सवाल: क्या प्रेग्नेंसी के दौरान मूली खा सकते हैं?

जवाब: हां, बिल्कुल खा सकते हैं। हालांकि, मूली रूट वेजिटेबल है। इसलिए इससे इन्फेक्शन का जोखिम रहता है। इसे खाने से पहले अच्छी तरह साफ जरूर कर लें।