IMD के अनुसार, अगले तीन-चार दिनों तक राजस्थान के अलावा उत्तर भारत के कई राज्यों में रात के तापमान में गिरावट आएगी। इससे कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। पहाड़ों से आ रही हवाओं ने भी उत्तर भारतीय राज्यों में ठिठुरन बढ़ा दी है।
राजस्थान सीकर में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 9°C दर्ज हुआ। जबकि करौली, बारां, चूरू, चित्तौड़गढ़ में न्यूनतम तापमान 10°C रहा। अगले कुछ दिनों में राज्य के अधिकतर हिस्सों का तापमान 2 से 3°C डिग्री तक गिरने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में कुल्लू और लाहौल स्पीति की ऊंची चोटियों पर मंगलवार को भी रुक-रुक कर बर्फबारी का दौर जारी रहा। इस कारण राज्य के कल्पा में न्यूनतम तापमान -1°C रिकॉर्ड किया गया। तापमान गिरने से झरनों, नदी-नालों के साथ अब नल भी जमने लगे हैं।
बीते दिन शिमला सहित कई अन्य इलाकों में मौसम साफ रहा। इससे अधिकतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी भी दर्ज हुई। मौसम विभाग ने बुधवार से 7 दिसंबर तक प्रदेश में सभी जगह मौसम के साफ रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। हालांकि, प्रदेश के मैदानी इलाकों में कोहरे रहेगा।
विभाग ने 8 व 9 दिसंबर को लाहौल-स्पीति, कुल्लू, चंबा, किन्नौर, मंडी व कांगड़ा जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश-बर्फबारी का अनुमान जताया है। वहीं, पंजाब में अगले 6 दिनों तक मौसम ड्राई रहने का अनुमान है।
मध्यप्रदेश में मंगलवार को छिंदवाड़ा, सिवनी, बैतूल, मालवा-निमाड़, बुंदेलखंड में बादल छाए रहे। मौसम विभाग अनुसार अगले दो दिन तक बादल छाए रहने का अनुमान है, लेकिन बारिश के आसार नहीं हैं। बादलों की वजह से रात का टेम्परेचर भी 6°C तक बढ़ गया है।
दिल्ली की हवा सुधरी, AQI खराब से मीडियम लेवल पर आया दिल्ली की एयर क्वालिटी में बुधवार को सुधार नजर आया है। सेंट्रल पल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के अनुसार बुधवार सुबह 8 बजे AQI 211 दर्ज किया गया। इससे प्रदूषण का स्तर खराब से मीडियम लेवल पर पहुंच गया। हालांकि, शहर के 39 निगरानी स्टेशनों में से 15 ने हवा की क्वालिटी मीडियम और बाकी 24 ने खराब दर्ज की है।
एक दिन पहले मंगलवार को दिल्ली का AQI खराब श्रेणी में 268 पर रहा था। यह सोमवार को 273 और रविवार को 285 था। मौसम विभाग ने बताया कि बीते दिन शहर का न्यूनतम तापमान 12°C दर्ज किया गया, जो मौसम के औसत से 2.5°C ज्यादा है। दिन में हल्का कोहरा छाए रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 27°C के आसपास रहने की उम्मीद है।