आगरा में सेक्स रैकेट में फंसी लड़की होटल से कूदी:महिला और युवक लेकर आए थे, रेप से बचने के लिए लगाई दूसरी मंजिल से छलांग

असम में घर से नाराज होकर निकली 17 साल की लड़की सेक्स रैकेट के चंगुल में फंस गई। उसे एक महिला ट्रेन में बैठाकर आगरा ले आई। मंगलवार रात महिला और एक युवक लड़की को लेकर टेढ़ी बगिया में होटल राधाकृष्ण पहुंचे। बुधवार तड़के होटल में दो युवकों ने लड़की से रेप की कोशिश की। दरिंदगी से बचने के लिए लड़की ने होटल की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। इससे उसका पैरा फ्रैक्चर हो गया है।

इतने में आरोपी महिला और उसका साथी युवक मौके से भाग गया। रास्ते से गुजर रहे लोगों ने लड़की के होटल से गिरने की सूचना पुलिस को दी। उसे हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है।

लड़की बोली- अपनी इज्जत बचाने के लिए मैं कूद गई असम के गुवाहाटी की रहने वाली 17 साल की लड़की घर से नाराज होकर ट्रेन से अकेली जा रही थी। ट्रेन में उनकी मुलाकात एक अंजान महिला से हुई। महिला ने उसको टूंडला स्टेशन पर उतार लिया। महिला को लेने स्टेशन पर एक युवक आया था। महिला लड़की को अपने साथ आगरा के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के जलेसर रोड स्थित होटल श्रीराधे कृष्णा में ले आए। महिला और युवक भी उसके साथ रुक गए।

लड़की ने पुलिस को बताया- एक युवक मुझसे अश्लील हरकत करने लगा। विरोध पर मुझे पीटा। अपनी इज्जत बचाने के लिए मैं कूद गई। होटल के CCTV में आरोपी कैद हुए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

महिला ने नौकरी दिलाने का झांसा दिया ACP छत्ता हेमंत कुमार के मुताबिक, लड़की ने पूछताछ में बताया कि दो दिन पहले नाराज होकर घर से निकली थी। गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर उसे एक महिला मिली। उसने बातचीत शुरू कर दी। अपने जाल में फंसा लिया। उसे लगा कि वह सही महिला होगी। महिला ने परिवार के बारे में जानकारी ली।

इसके बाद नौकरी दिलाने के बहाने अपने साथ ट्रेन में बैठा लिया। मंगलवार रात को टूंडला स्टेशन पर उतारा। स्टेशन पर महिला ने एक युवक को बुला लिया। वह उसे होटल ले आए। होटल में एक और युवक को बुलाया गया।

हाथरस के लोकेश नाम पर बुक था कमरा ACP ने बताया- लड़की के घर वालों को सूचना दे दी गई है। CCTV की जांच में दिखा कि लड़की को मंगलवार रात 10.30 बजे महिला और एक युवक लेकर आए थे। हाथरस के लोकेश नाम की आईडी देकर कमरा बुक कराया गया। तीनों एक ही कमरे में रुके। बुधवार तड़के लड़की होटल की बालकनी से पड़ोस में बनी एक दुकान की छत पर कूद गई।