दरभंगा में राम विवाह की झांकी पर चले ईंट-पत्थर:मस्जिद के पास पथराव; लोग बोले-बच्चों को गोद में लेकर भागे, हमले की पहले से थी तैयारी

बिहार के दरभंगा में शुक्रवार को राम विवाह की झांकी पर बाजीतपुर की एक मस्जिद के पास पथराव किया गया। इसके बाद जमकर बवाल हुआ। विवाह पंचमी के मौके पर तरौनी गांव से निकाली गई झांकी के दौरान दोनों पक्षों ने एकदूसरे पर ईंट-पत्थर फेंके।

जानकारी के मुताबिक झांकी को तरौनी से बाजितपुर में स्थित मस्जिद तक जाना था। फिर बाजितपुर से इसकी वापसी होनी थी। लेकिन जैसे ही झांकी मस्जिद के पास पहुंची उसे रोका गया और पथराव किया गया।

जानकारी के अनुसार, एक समुदाय के लोगों ने पहले तो झांकी को रोका, फिर लाठी-डंडों से मारपीट की और फिर पथराव किया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और दोनों तरफ से पत्थरबाजी होने लगी। झांकी के आयोजक नागो दास ने बताया कि बच्चों को गोद में लेकर हम लोग मंदिर की ओर भागे और जान बचाई।

सूचना मिलने के बाद भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। इस घटना में कई लोगों के घायल होने की भी खबर है। तीन गंभीर बताए जा रहे हैं। वहीं, मौके पर अभी भी भारी संख्या में पुलिस मौजूद है। जिला प्रशासन अधिकारी इलाके में कैंप कर रहे हैं।

पहले से थी पत्थरबाजी की तैयारी

घटनास्थल के पास की महिला पिंकी देवी और सोनी कुमारी का कहना है कि जब कभी हिंदुओं का जुलूस उस रास्ते से निकलता है तो दूसरे समुदाय के लोग उसका विरोध करते हैं। महिलाओं ने बताया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने पहले से छत पर ईंट और पत्थर को इकट्ठा रखा गया था। झांकी के पहुंचते ही पथराव शुरू कर देते हैं।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

सदर एसडीओ विकास कुमार ने बताया, ‘पथराव के बाद हालात काबू में है, लेकिन हिंसा क्यों भड़की। इसकी शुरुआत करने वाले कौन लोग हैं, जो मिथिला में राम विवाह की झांकी पर पथराव कर माहौल खराब करने की कोशिश में लगे थे। इसकी जांच हो रही है। जिला प्रशासन के अधिकारी इलाके में कैंप कर रहे हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में हैं।’

30 साल से निकल रही झांकी

स्थानीय लोगों का कहना है कि झांकी निकालने की परंपरा 30 साल पुरानी है। इस बार पहली बार हुआ है कि मस्जिद के पास झांकी पहुंचने के बाद उसे रोका गया और पथराव किया गया। इसके पहले कभी ऐसा उपद्रव नहीं हुआ।

राम विवाह झांकी के आयोजक नागो दास ने बताया कि बाजितपुर के मस्जिद के समीप पहुंचते ही अचानक दूसरे समुदाय के लोगों के ने पत्थरबाजी शुरू कर दी गई। कई लोगों को चोट लगी।