जम्मू-कश्मीर में 9 जगह पारा माइनस में, जोजिला में -20°:हिमाचल में बर्फबारी, 14 दिसंबर से उत्तर भारत में तेज ठंड पड़ने के आसार

देश के कई हिस्सों में सामान्य ठंड के बीच जम्मू-कश्मीर में कई इलाकों में तापमान माइनस में पहुंच गया। सोमवार को जोजिला (कारगिल) में टेम्परेचर -20°C, लेह में -12.8° और गुलमर्ग में -9° रिकॉर्ड किया गया। पहलगाम का पारा -6.8°C, पुलवामा -6.7°C, शोपियां -7.5°C, श्रीनगर -3.3°C, सोनमर्ग और अनंतनाग में -7.0°C रिकॉर्ड किया गया।

जम्मू में पैडर में -7.5°C के साथ सबसे ठंडा रहा। हालांकि, जम्मू शहर का तापमान 6.5°C रहा। यह हाल तब है, जब चिल्लई कलां का पीरियड अभी शुरू भी नहीं हुआ है। इसकी शुरुआत 21 दिसंबर से होगी।

वहीं, हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में रविवार शाम हल्की बर्फबारी हुई। दिसंबर का पहला हफ्ता बीतने के बाद भी हिमाचल के पहाड़ों से बर्फ नदारद थी। होटल संचालक यहां आए पर्यटकों के लिए आर्टिफिशियल बर्फबारी करा रहे थे।

मैदानी इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। दिल्ली के तापमान में भी 10 दिसंबर से गिरावट आ सकती है। पारा गिरकर 3°C के आसपास रहने की उम्मीद है। शीतलहर भी चल सकती है। 14 दिसंबर तक दिल्ली के साथ ही पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत पूरे उत्तर भारत में तेज ठंड पड़ने का अनुमान है।

राज्यों में मौसम की खबरें…

मध्य प्रदेश: पूरे राज्य में कल से तेज ठंड शुरू होगी, पारा 2-3° तक गिरेगा

मौसम वैज्ञानिक अभिजीत चक्रवर्ती ने बताया कि रविवार को प्रदेश के पूर्वी जिलों में हल्की बूंदाबांदी होने से दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिली। उत्तर-पश्चिम भारत वेस्टर्न डिस्टरबेंस भी एक्टिव हो रहा है। इस वजह से बर्फ पिघलेगी और हवा की रफ्तार तेज हो जाएगी। जिसका असर मध्य प्रदेश में भी देखने को मिलेगा।

राजस्थान: शीतलहर का अलर्ट, रविवार को जोधपुर-बाड़मेर में सीजन की सबसे सर्द रात रही

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने मंगलवार से राजस्थान में सर्दी और तेज होने की संभावना जताई है। शेखावाटी इलाके में पारा 3 से 4°C तक जाने का अनुमान है। वहीं, चुरू में सोमवार को शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया गया है। शहरों में दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान गिर गया है।

उत्तर प्रदेश: 50 शहरों में कोहरा, गाजियाबाद में बारिश; शीतलहर शुरू, अलाव जले

प्रदेश में कोहरे के साथ अब शीतलहर भी शुरू हो गई है। इससे गलन भी बढ़ गई है और लोग अलावा का सहारा ले रहे हैं। वहीं, 50 जिलों में सुबह से घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग ने सोमवार को 38 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इससे आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी।

छत्तीसगढ़: बारिश के बाद कोहरा छाया, 4°C तक लुढ़केगा रात का पारा

राज्य के मौसम में उलटफेर का दौर जारी है। सरगुजा संभाग के कई जिलों में बारिश के बाद सुबह से कोहरा छाया हुआ है। मौसम साफ होने के बाद यहां फिर से ठंड बढ़ेगी। इससे रात का पारा में 4°C तक गिर सकता है। बीते दिन 8.9°C न्यूनतम तापमान के साथ बलरामपुर प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंडा रहा।

पंजाब-चंडीगढ़: फिर बारिश के आसार, 15 जिलों में कोहरे का अलर्ट

पंजाब और चंडीगढ़ के तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। पिछले दिन हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी की वजह से राज्य के तापमान में 1.6°C और चंडीगढ़ में 2.6°C की कमी देखने को मिली। आने वाले दिनों में भी यह कमी जारी रहेगी। चंडीगढ़ के अलावा पंजाब में कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

हरियाणा: कोहरे का अलर्ट, तेज हवाओं के कारण पारा 1.4°C; हिसार में सबसे ठंडी रातें