यूपी में पारा 3 डिग्री पहुंचा, 30 शहरों में कोल्डवेव:अयोध्या सबसे ठंडा रहा, रामलला ने ओढ़ी जयपुरी रजाई; लखनऊ में 4°C पारा लुढ़का

पहाड़ों में बर्फबारी के चलते यूपी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। अयोध्या 3°C तापमान के साथ बीती रात सबसे ठंडा रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने 30 शहरों में कोल्डवेव का अलर्ट जारी किया है। कुछ जिलों में सुबह घना कोहरा छाया रहा। सर्दी से बचाव के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।

अयोध्या में रामलला को जयपुरी रजाई ओढ़ाई जा रही है। लखनऊ में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री लुढ़क गया। न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री रहा। अधिकतम तापमान की बात करें तो शुक्रवार को दिन में उरई सबसे गर्म रहा, यहां पारा 29°C रिकॉर्ड किया गया।

मेरठ और प्रयागराज में सुबह से धूप खिली हुई है। न्यूनतम तापमान 7.4°C रिकॉर्ड किया गया। धूप के बावजूद गलन बरकरार है। मथुरा में 3 दिन से तापमान में उतार चढ़ाव का दौर जारी है। शुक्रवार को तापमान जहां 8°C था, वहीं शनिवार को यह 1 डिग्री गिरकर 7°C पर आ गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 23°C तक पहुंचने की संभावना है।

उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से तापमान लुढ़क रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, रात का पारा जब तेजी से गिरता है, तब दिन बेहद साफ होता है। पहले दिसंबर महीना गर्म रहने का अनुमान था। मगर अचानक जेट स्ट्रीम हवाओं से दिसंबर महीने की शुरुआत में ही शीतलहर का असर दिखने लगा।

वाराणसी में घाटों पर दिखने लगा सर्दी का असर

पछुआ हवाओं में नमी बढ़ने से दिन में धूप का असर कम हो गया है। तीन दिन से लगातार पारा लुढ़क रहा है। वाराणसी में शनिवार को अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह गंगा स्नान के लिए पहुंचने वाले लोगों की संख्या में कमी आई है।

इस बार 15 दिन पहले चली कोल्डवेव मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक इस बार पहले चली जेट स्ट्रीम हवाओं के चलते कड़ाके की ठंड करीब 15 दिन पहले ही आ गई। दिसंबर महीने में अलाव 25 से 30 दिसंबर के बीच जलाए जाते थे। दिसंबर महीने में कोल्डवेव के 10 दिन भी बढ़ गए हैं।

शीतलहर की चपेट में प्रदेश मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, तेज उत्तर-पश्चिमी बर्फीली हवाओं का जोर बना हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरते ही कोल्ड जेट स्ट्रीम के असर से पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश ठंड की चपेट में आ गया है। 20 से 25 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।

फसलों पर पाला गिरने का खतरा सीएसए के कृषि तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने कहा- 15 दिसंबर के बीच पाला गिरने की आशंका है। जिसे देखते हुए किसानों को अलर्ट किया गया है। आलू, टमाटर, मिर्च और गोभी आदि पर पाला गिर सकता है। किसानों को सलाह दी गई है कि खेतों में हल्की सिंचाई या 0.1 प्रतिशत सल्फ्यूरिक एसिड (100 लीटर पानी में 10 मिली दवा) को मिलाकर छिड़काव ऐसे करें कि पौधे पूरी तरह भीग जाएं। इससे फसलों में पाले से लड़ने की क्षमता बढ़ जाती है।