देश के 8 राज्यों में तापमान में गिरावट जारी है। राजस्थान के करौली में तापमान 1.3 डिग्री पहुंच गया। सीकर, उदयपुर समेत कई जगहों पर गाड़ियों पर बर्फ जम गई। यहां 4-5 दिन तक सर्दी और शीतलहर जारी रहेगी।
उधर, पंजाब में भी ठंड का काफी असर है। फरीदकोट में पहली बार रात का पारा 0 डिग्री तक पहुंचा। अबोहर में पारा 0.9 डिग्री रहा। पंजाब के दिन के औसत तापमान में आधा डिग्री की गिरावट आई है।
जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में पारा माइनस से नीचे चल रहा है। श्रीनगर में डल झील सहित कई जलाशय जमने लगे हैं। बारामूला जिले के तंगमर्ग में 30 मीटर ऊंचा द्रंग झरना ठंड के चलते जम गया है।
कश्मीर के श्रीनगर और गुलमर्ग जैसे देश के 35 सबसे ठंडे शहरों में मध्य प्रदेश के भी 10 शहर शामिल हैं। पचमढ़ी 11वें स्थान पर है। यहां तापमान 1.6 डिग्री तक पहुंच गया है।
भोपाल में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया। यहां लगातार चौथे दिन शीतलहर चली, जो एक नया रिकॉर्ड है। दिसंबर में इससे पहले लगातार 4 दिन शीतलहर कभी नहीं चली है।
आंध्र-तमिलनाडु में बारिश का अलर्ट देश के उत्तरी और मध्य भारत के राज्यों में भी ठंडी का असर देखने को मिल रहा है। आंध्र, तमिलनाडु में बुधवार को बारिश का अलर्ट जारी किया गया। नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में सर्दी का असर कम है। यहां फिलहाल कोहरा देखने को मिल रहा है।
3 दिन कैसा रहेगा मौसम
19 दिसंबर: MP में कोल्ड वेव नहीं चलेगी, दक्षिणी राज्यों में बारिश का दौर जारी रहेगा
- तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, केरल में बिजली चमकने के साथ 7 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश होगी।
- राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में शीतलहर चलेगी।
- दक्षिण भारत के राज्यों में 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
20 दिसंबर: ओडिशा में बारिश की संभावना, राजस्थान में घना कोहरा
- ओडिशा के अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश में बिजली गिरने के साथ बारिश हो सकती है।
- ईस्ट राजस्थान में घना कोहरा देखने को मिलेगा। शीतलहर चलने का भी अनुमान है।
- हिमाचल प्रदेश और पंजाब में पाला पड़ सकता है।
21 दिसंबर: 5 राज्यों में शीतलहर, आंध्र प्रदेश में बारिश का अनुमान
- पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा में शीत लहर चलेगी।
- आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल में 45 kmph की रफ्तार से हवा चल सकती है।
- आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में बारिश की संभावना है। यहां बिजली भी गिर सकती है।
राज्यों में मौसम का हाल…
मध्य प्रदेश: कड़ाके की ठंड से 4-5 दिन राहत, लगातार 9 दिन शीतलहर की चपेट में रहा प्रदेश
मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड से लोगों को अगले 4 से 5 दिन तक थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने बुधवार से दिन और रात के टेम्प्रेचर में बढ़ोतरी होने का अनुमान जताया है। हालांकि, कुछ जिलों में कोहरे का असर रह सकता है। बुधवार सुबह ग्वालियर-चंबल में कोहरा छाया रहा।
राजस्थान: शीतलहर के साथ कई जिलों में कोहरे का अलर्ट, माउंट आबू-शेखावाटी से ज्यादा ठंडा करौली
राजस्थान में सर्दी के तेवर अब पूर्वी राजस्थान में तेज हो गए। मंगलवार को करौली में न्यूनतम तापमान सीकर, चुरू, माउंट आबू से भी नीचे दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने प्रदेश में 19-20 दिसंबर से सर्दी और तेज होगी। शेखावाटी के शहरों में रात का न्यूनतम तापमान गिरने की संभावना जताई है।
उत्तर प्रदेश: 35 शहरों में कोहरा, पारा 4.6ºC:विजिबिलिटी 80 मीटर, 5 दिनों तक ऐसा ही रहेगा मौसम
UP में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मंगलवार को सोनभद्र में पारा 4.6 डिग्री पहुंच गया। यह प्रदेश में सबसे कम है। बुधवार सुबह से 35 शहरों में कोहरा छाया हुआ है। विजिबिलिटी 80 मीटर रह गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 5 दिनों तक ऐसा ही मौसम रहेगा।
हरियाणा: 10 दिनों से कड़ाके की ठंड, 10 जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट, रोहतक में दिन सबसे ठंडा
हरियाणा में पिछले 10 दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सोमवार रात को हिसार देश के मैदानी इलाकों में सबसे ठंडा रहा। यहां का तापमान 1.6 डिग्री दर्ज किया गया। 10 जिलों में शीतलहर और पाले का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें झज्जर, रोहतक और कुरूक्षेत्र शामिल हैं।
पंजाब: चंडीगढ़ समेत 18 जिलों में शीतलहर, अगले 6 दिन पड़ेगी कड़ाके की ठंड, पटियाला में यलो अलर्ट
पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों को 24 दिसंबर तक शीतलहर का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग ने शीतलहर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। आज (बुधवार) 18 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। तापमान में तेजी से गिरावट आ रही है।
हिमाचल प्रदेश : 4 जिलों में शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट, अगले 48 घंटे मैदानी इलाकों में सताएगी ठंड
हिमाचल प्रदेश के चार जिलों में अगले 48 घंटे तक कोल्ड-वेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने यह चेतावनी ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी जिला को जारी की है। इसी तरह कांगड़ा और कुल्लू जिला में शीतलहर को लेकर येलो-अलर्ट दिया गया है।