सोनीपत में 2 जगहों पर NIA की छापेमारी:4 घंटे खंगाले कागजात; पूर्व सरपंच व किराना कारोबारी के बेटों की संपत्ति की जांच

हरियाणा के सोनीपत में शुक्रवार सुबह नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की टीम ने दो गांवों में दो घरों पर रेड की। सुबह 4 बजे शुरू हुई छानबीन करीब साढ़े 9 बजे पूरी हुई। जिन दो घरों पर NIA की रेड हुई है, उसमें एक मकान गांव के पूर्व सरपंच का है। छापेमारी से ग्रामीणों में भी हड़कंप मचा रहा। दोनों घरों के दरवाजे बंद कर सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए थे, जिससे कि कोई न तो अंदर जा पाया और न ही बाहर निकल सके।

साढ़े 9 बजे के करीब छापामार टीम रवाना हुई तो ग्रामीण इन घरों के आगे पहुंच गए। परिजनों से बात कर छापेमारी की जानकारी लेनी चाही, लेकिन किसी परिजन ने NIA रेड को लेकर कुछ नहीं बताया। मामला हवाला कारोबार से जुड़ा बताया जा रहा है।

सोनीपत जिले के गांव भूर्री व शहजादपुर में शुक्रवार सुबह लखनऊ से आयी NIA टीमों ने रेड की। गांव शहजादपुर में हिमांशु के घर करीब 4:00 बजे NIA की टीम पहुंची। हिमांशु के घर पर करीब 3 घंटे तक छानबीन की गई। उसके परिवार का किराना का कारोबार है। हिमांशु लग्जरी जीवन जी रहा था। उसके खातों में करोड़ों की संपत्ति होने की जानकारी मिली थी। टीम घर में कागजातों की जांच की और हिमांशु के परिजनों से पूछताछ की।

गांव भूर्री में पूर्व सरपंच प्रेम के बेटे योगेश के घर पर भी NIA की रेड हुई है। एक टीम ने उसके बड़ी औद्योगिक क्षेत्र में और दूसरी ने योगेश के गांव भूर्री के घर में छानबीन की। योगेश गुरुग्राम में काम करता है। टीम को सूचना मिली थी कि उसके पास बेनामी संपत्ति है। इसी की छानबीन के लिए टीम यहां पहुंची थी। इनके घर पर साढ़े 9 बजे तक छानबीन चली। इसमें टीम को क्या मिला, इसकी अभी जानकारी नहीं दी गई है।

चर्चा है कि दोनों के घरों से टीम को करोड़ों रुपए की संपत्ति के डॉक्यूमेंट मिले हैं। अब इनकी जांच करके टीमें इसका पता लगाएंगी कि संपत्ति वैध है या अवैध। हालांकि हवाला के जरिए भी रुपए के लेन देन की बात सामने आई है। टीम ने दोनों के घरों में परिजनों से पूछताछ की और दस्तावेज खंगाले।

सूत्रों से ये भी खबर आ रही है कि सोनीपत और आसपास के इलाकों में अलग-अलग गैंग द्वारा व्यापारियों से रंगदारी मांगने के मामले सामने आए हैं। गिरोह के सदस्य अपने परिचितों के खातों में पैसे ट्रांसफर करवाते थे। वहीं हवाला के तौर पर भी खातों में पैसे ट्रांसफर होने की बात सामने आ रही है।