सहारनपुर-नोएडा में बारिश, 6 जिलों में अलर्ट:4 दिन बाद गलन और बढ़ेगी, क्रिसमस बाद पूरे प्रदेश में बरसात की संभावना

सहारनपुर और नोएडा में सोमवार सुबह बूंदाबांदी शुरू हुई। सुबह से ही यहां बादल छाए रहे। तेज हवा के साथ बूंदाबांदी होने से ठंड बढ़ गई है। यूपी के 28 जिलों में आज घना कोहरा छाया रहा। पश्चिमी यूपी के 6 जिलों में बूंदाबांदी के आसार हैं। पूरे प्रदेश में 27 दिसंबर से बारिश होने की संभावना है। इससे 4 दिन बाद गलन बढ़ जाएगी।

रविवार को अयोध्या सबसे ठंडा रहा। न्यूनतम तापमान 6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। कानपुर में पारा 6.5 और मेरठ-मुजफ्फरनगर में 7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। दिन में सबसे ज्यादा तापमान प्रयागराज में 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गाजियाबाद में AQI बढ़कर 300 के पार पहुंच गया। लखनऊ में सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।

मौमस विभाग के अनुसार, विक्षोभ पर चक्रवात हावी हो रहा है। इसलिए आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी। उत्तर-पश्चिमी हवाएं तो चलीं, लेकिन रफ्तार कम रहने से तापमान नहीं गिरा। नमी बढ़ने से घना कोहरा छा रहा है। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में मौसम में बड़ा बदलाव होगा।

उन्नाव में छाया घना कोहरा

उन्नाव में रात से कोहरा छाया हुआ है। विजिबिलिटी 50 मीटर है। वाहन सवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्नाव में न्यूनतम तापमान 10℃ दर्ज किया गया। हवाओं की गति भी 13 किमी प्रति घंटा रही, जिसने ठंड को और बढ़ा दिया।

गाजियाबाद में फिर बढ़ा AQI

गाजियाबाद में जहरीली हवा से निजात अभी मिलती नहीं दिख रही। दिसंबर का आखिरी वीक चल रहा है, AQI आज बढ़कर 300 के पार पहुंच गया। गाजियाबाद का इंदिरापुरम इलाका दिल्ली के बाद सबसे अधिक प्रदूषित है, यहां AQI 371 पहुंच गया।

हवा में अभी सुधार नहीं हो रहा। सुबह के समय पारा 6.5 डिग्री सेल्सियस रहा, दिन का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आज हवा की गति 5 किमी की है। दिन में प्रदुषण के चलते हल्की धुंध जैसा मौसम रहेगा।

संभल, उत्तर प्रदेश: संभल में शीतलहर जारी है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।

लखनऊ में सुबह छाया रहा कोहरा

लखनऊ में सुबह हल्की धुंध और कोहरे का असर रहा। शहर में हवा प्रदूषण भी खराब स्तर पर बना हुआ है। सोमवार सुबह लखनऊ का तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज का अधिकतम तापमान 24 डिग्री रहेगा। दिन में अच्छी धूप खिलेगी। रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 25.02 डिग्री रहा। यह सामान्य तापमान से 3.1 डिग्री ज्यादा था। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य तापमान से 1.2 डिग्री अधिक था। अधिकतम आर्द्रता 91 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 30 फीसदी दर्ज की गई।

प्रदेश का न्यूनतम तापमान 1 डिग्री बढ़ा रविवार सुबह और देर रात कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। औसत न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया।

इस कारण से ठंड हो रही है कम पहाड़ों से हवा की दिशा उत्तर-पश्चिम रही, लेकिन पहाड़ों पर बर्फबारी की कमी और हवा की रफ्तार इतनी कम रही कि अधिक सर्दी का एहसास नहीं हो पाया। औसत गति 1.5 किमी प्रति घंटा रही।

दिन-रात के तापमान में अंतर कम होने से फिलहाल सर्दी का एहसास हो रहा है। विक्षोभ पर चक्रवातों के हावी होने के कारण भी सर्दी कम है। पश्चिमी विक्षोभ कम और कमजोर होने के कारण बर्फ नहीं पड़ रही है।

27 से शुरू होगा बारिश का दौर मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है- बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में उथल-पुथल चल रही है। 27 से बारिश की संभावना है। इसके बाद एक पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने से तेज उत्तर पश्चिमी हवाएं चलेंगी जिससे सर्दी बढ़ेगी।