CM सैनी आज करनाल आएंगे:धन्यवाद रैली को करेंगे संबोधित, विकास की सौगात देंगे, अनाज मंडी में उमड़ेगी भीड़

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज करनाल के इंद्री स्थित अनाज मंडी में धन्यवाद रैली को संबोधित करेंगे। इस रैली में मुख्यमंत्री जनता को विकास की नई सौगातें देंगे। रैली से पहले तैयारियों का जायजा लेने के लिए इंद्री विधायक रामकुमार कश्यप ने रैली स्थल का दौरा किया और अधिकारियों को समय पर व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी धन्यवाद रैली में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। विधायक रामकुमार कश्यप ने बताया कि इस रैली में भाजपा के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। रैली का उद्देश्य जनता का धन्यवाद करना और इंद्री क्षेत्र के लिए विकास कार्यों की घोषणा करना है।

जनता की व्यवस्था पर विशेष ध्यान

विधायक रामकुमार कश्यप ने अधिकारियों को रैली में आने वाली जनता के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इनमें पेयजल, शौचालय, पार्किंग स्थल, सुरक्षा व्यवस्था और बैठने की व्यवस्था शामिल है। साथ ही रैली स्थल और आसपास के इलाकों की साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है, ताकि लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो।

क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात साबित होंगी

धन्यवाद रैली में विधानसभा क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में भाग लेंगे। विधायक कश्यप ने कहा कि यह रैली क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगी तथा मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाएं क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात साबित होंगी।