यूपी के 30 जिलों में कोहरा, कल से बारिश:24 घंटे में 26 जिलों में बरसात; बुलंदशहर सबसे ठंडा, पारा 8°c

यूपी में अचानक मौसम बदल गया है। 24 घंटे में 26 जिलों में बारिश हुई। गुरुवार सुबह से 30 शहरों में घना कोहरा छाया हुआ है। विजिबिलिटी 80 मीटर रह गई है।

15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जिससे गलन बढ़ गई है। मौसम विभाग का कहना है कि 27 से 30 दिसंबर यानी 4 दिनों तक बारिश हो सकती है। इसके चलते नया साल कड़ाके की ठंड के बीच शुरू होगा।

बुधवार को फतेहपुर में सबसे ज्यादा 4.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बुलंदशहर सबसे ठंडा जिला रहा। यहां तापमान 8°C रिकॉर्ड किया गया।

हल्के बादल रहेंगे, बारिश होगी मौसम विशेषज्ञ डॉ. SN सुनील पांडेय का कहना है- पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुरुवार को भी बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना कम है। 27 से 30 दिसंबर के बीच कोहरा और बूंदाबांदी की संभावना है। इसके बाद तेज उत्तर पश्चिमी हवाएं चलेंगी।

दिन का पारा 4 डिग्री चढ़ गया बारिश और बादलों की आवाजाही से प्रदेश के औसत तापमान में बढ़ोतरी हुई है। बुधवार को प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 4 डिग्री बढ़कर 24 और न्यूनतम तापमान 3 डिग्री बढ़कर 12 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।