यूपी के 4 शहरों में जोरदार बारिश, 26 में अलर्ट:सुबह अचानक बदला मौसम, तेज हवाएं चल रहीं, ओले भी गिरेंगे

यूपी में शुक्रवार को फिर लगातार तीसरे दिन बारिश हो रही है। नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और सहारनपुर में सुबह अचानक तेज बारिश हुई। यहां बादल छाए हैं। तेज हवाएं चल रही हैं। इससे गलन और बढ़ेगी।

मौसम विभाग के मुताबिक, 6 शहरों में भारी और 20 शहरों में हल्की बारिश हो सकती है। गरज-चमक के साथ ओले भी गिर सकते हैं। कुछ शहरों में 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।

शुक्रवार सुबह 30 शहरों में घना कोहरा छाया है। गोरखपुर में विजिबिलिटी 40 मीटर रह गई है। गुरुवार को मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा जिला रहा। यहां का तापमान 7.4°C दर्ज हुआ।

अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस जाने की उम्मीद है। हवा में नमी की मात्रा 92% है।

वाराणसी में BHU के मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव ने बताया- पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश होने की संभावना दिखाई दे रही है। 48 घंटे में यूपी के दिन के तापमान में बड़ा बदलाव होने की आशंका नहीं है।

NCR में फिर प्रदूषण बढ़ा दिल्ली से सटे NCR में प्रदूषण फिर से बढ़ा है। दिल्ली, नोएडा के बाद गाजियाबाद की हवा रात में फिर से जहरीली हुई। पिछले 2 दिन से AQI 300 के नीचे आने से लोगों ने राहत की सांस ली है। लेकिन अब फिर से AQI में बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली का AQI 356, ग्रेटर नोएडा का 294 और गाजियाबाद का 271 रिकॉर्ड किया गया।

लखनऊ में बादल छाए, तापमान 10 डिग्री

लखनऊ में शुक्रवार सुबह धुंध और कोहरे का असर देखा गया। बादल भी छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने आज और कल शहर में बारिश का अलर्ट जारी किया है। लखनऊ में रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 5 किमी की रफ्तार से हवा चल रही है।

मेरठ में सुबह हल्की बूंदाबांदी, बादल छाए

मेरठ में सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई है। इसके बाद से बादल छाए हैं। सुबह का तापमान 13 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सरदार पटेल कृषि यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया- दो दिन तक मौसम के खराब रहने के आसार हैं। बारिश के चलते मौसम में बदलाव आएगा।

अगले दोनों तक कैसा रहेगा मौसम 28 दिसंबर: पश्चिमी-पूर्वी यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कोहरा भी छाया रहेगा। विजिबिलिटी 100 मीटर तक रहेगी। 29 दिसंबर: मौसम सामान्य रहेगा। हालांकि, सुबह कोहरा छाया रहेगा। विजिबिलिटी 200 मीटर तक रहेगी।

ठंड के चलते चेस्ट रोगियों की संख्या बढ़ी कानपुर में ठंड के चलते चेस्ट रोगियों की संख्या बढ़ गई है। करीब 15 प्रतिशत मरीजों में इजाफा हुआ है। रोजाना करीब 300 मरीज हॉस्पिटल पहुंच रहे हैं। पहले यह आंकड़ा 200-225 के बीच था। हर रोज भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ रही हैं।