यूपी में पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं से ठंड बढ़ गई है। कोहरे का भी सितम जारी है। सुबह से 61 जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। विजिबिलिटी 50 मीटर तक रह गई है। ठंड के चलते गाजियाबाद और मेरठ में 8वीं तक के स्कूल 31 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं।
कोहरे के चलते रविवार को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर 23 ट्रेनें 6 घंटे तक लेट आईं। वाराणसी-लखनऊ आने वाली कई फ्लाइट्स भी लेट आईं। मौसम विभाग का कहना है कि पछुआ हवाएं चलने लगी हैं। अगले 3 से 4 दिनों तक पूरे प्रदेश में घने कोहरे और सर्द हवाओं का दौर जारी रहेगा। 48 घंटों में तापमान में तेजी से गिरावट आएगी।
24 घंटे में अधिकतम तापमान 4 और न्यूनतम तापमान 2 डिग्री गिरावट आई है। वातावरण में नमी बढ़कर 96 प्रतिशत हो गई है। कल बुलंदशहर सबसे ठंडा जिला रहा। यहां का पारा 9 डिग्री दर्ज किया गया।
लखनऊ में रविवार रात से ही बर्फीली हवा चल रही है। सुबह हवाएं तेज हो गईं, जिससे शीतलहर जैसा एहसास हुआ। सुबह के समय धुंध और कोहरा भी छाया रहा। रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास बना रहा।
सोमवार सुबह 7 बजे शहर का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहेगा। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
वाराणसी में आज सोमवार को मौसम साफ है। 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है। आज बारिश की संभावना नहीं है। बीते तीन दिन में तीन डिग्री से अधिक पारा गिरा है। आज न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है।
रविवार को सुबह देर तक कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी 50 मीटर रही। इसके चलते वाराणसी एयरपोर्ट पर दो विमानों को हवा में चक्कर लगाना पड़ा था।
मेरठ में कोहरा छाया, पारा 11 डिग्री
मेरठ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कोहरा छाया हुआ है। विजिबिलिटी करीब 100 मीटर तक रह गई है। सुबह का तापमान 11 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।