3 राज्यों में बर्फबारी, UP में विजिबिलिटी 50 मीटर:MP में तापमान 3.5 डिग्री, राजस्थान में कल माइनस में जा सकता है पारा

देश के तीन राज्यों में लगातार बर्फबारी हो रही है। जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में तापमान माइनस 10 डिग्री तक पहुंच गया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बर्फबारी के कारण कई सड़कें बंद हैं।

3 राज्यों में बर्फ गिरने के कारण टूरिस्ट भारी संख्या में हिल स्टेशन पहुंच रहे हैं। हिमाचल में 2 दिन में 45 हजार वाहन पहुंचे हैं। शिमला में पिछले 2 दिनों में 24 हजार वाहनों में 80 हजार से ज्यादा टूरिस्ट न्यू ईयर का जश्न मनाने पहुंचे हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को पहाड़ों की बर्फीली हवा से UP, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में तापमान गिरेगा। उत्तर भारत में शीतलहर और घने कोहरे के आसार हैं।

उत्तर प्रदेश के 52 जिलों में शीतलहर चल रही है। वहीं, 60 जिलों में घना कोहरा देखने को मिल रहा है। मुरादाबाद और आजमगढ़ में विजिबिलिटी 50 मीटर तक रह गई है। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर 37 ट्रेनें 8 घंटे तक लेट आईं।

मध्य प्रदेश में भी तापमान लगातार गिर रहा है। नीमच में पारा 3.5º तक पहुंचा गया है। वहीं, राजस्थान 3 दिन तक कोल्डवेव का अलर्ट है। हिल स्टेशन माउंट आबू में कल से 3 दिन के बीच पारा माइनस में जा सकता है। फिलहाल यहां तापमान 1º है।

हिमाचल के 5 जिलों में 10cm से ज्यादा बर्फबारी हिमाचल के कल्पा में 14.9, कुफरी में 14.5, पूह में 12, मुरंग में 12, खदराला में 10, सांगला में 8.5, केलंग में 8, कुकमसेरी में 1.6 सेमी ताजा बर्फबारी हुई है। इससे न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कम रिकाॅर्ड किया गया है।

दिल्ली में तापमान 10. 3 डिग्री पहुंचा दिल्ली में सोमवार को ठंड बढ़ गई। अधिकतम तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री कम होकर 15 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिन इसी तरह की ठंड की स्थिति बने रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 31 दिसंबर को दिल्ली में कोहरे के साथ जोरदार ठंड पड़ने का यलो अलर्ट जारी किया है।

लद्दाख में इस साल पर्यटक घटे, कश्मीर में बढ़े लद्दाख में 2023 में 5.25 लाख पर्यटक पहुंचे थे। 2024 में यह आंकड़ा घटकर 3.75 लाख रह गया। लद्दाख पर्यटन विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में 2023 में 2.10 करोड़ पर्यटक आए थे। 2024 में संख्या बढ़कर 2.11 करोड़ हो चुकी है।

अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम

1 जनवरी: 10 राज्यों में कोहरे का अलर्ट

  • मध्य प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घना कोहरा छाया रहेगा।
  • हिमाचल प्रदेश में सीवियर कोल्डवेव का अलर्ट रहेगा। हिमाचल प्रदेश में ग्राउंड फ्रॉस्ट कंडीशन रहेगी।
  • तमिलनाडु-पुडुचेरी में तेज रफ्तार में हवा चलेगी। इन राज्यों के कुछ जिलों में बिजली भी गिर सकती है।

2 जनवरी: 3 राज्यों में बर्फबारी, नॉर्थ-ईस्ट में कोहरा

  • असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में घना कोहरा रहेगा।
  • उत्तरी भारत के राज्यों में शीतलहर चलेगी, जिससे तापमान में गिरावट होगी।
  • जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी का दौर जारी रहेगा।