यूपी के 57 शहरों में शीतलहर, पारा 6° पहुंचा:सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठंड; 40 जिलों में घना कोहरा​​​​​​​, विजिबिलिटी 50 मीटर ​​​​​​​

यूपी का मौसम बदल गया है। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं से गलन बढ़ गई। गुरुवार सुबह से 57 जिलों में शीतलहर तो 50 जिलों में घना कोहरा छाया है। मथुरा में विजिबिलिटी 50 मीटर तक रह गई।

बुधवार को मेरठ सबसे ठंडा जिला रहा। यहां का पारा 6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है- अगले 3 दिन तक ऐसा ही मौसम रहेगा। 6 जनवरी से फिर बारिश के आसार बन रहे हैं। आने वाले 48 घंटों में तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जाएगी।

कानपुर का तापमान 6.6 डिग्री गिरा बुधवार को 20-25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार हवा चली। इससे रात का तापमान गिर गया। प्रदेश का औसत तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया। कानपुर में दिन का तापमान 6.6 डिग्री तक गिरा, जो सबसे अधिक रहा।

क्यों बढ़ी ठंड कानपुर की CSA यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानी डॉ. SN सुनील पांडेय ने बताया- 48 घंटे पहाड़ों से बर्फीली हवाएं चल रहीं। इससे गलन बढ़ गई है। शीतलहर चल रही है। आने वाले 72 घंटों तक ऐसा ही मौसम रहेगा। इसके बाद बूंदाबांदी के आसार बन रहे हैं।

अगले 2 दिनों तक कैसा रहा मौसम

  • 3 जनवरी: शीतलहर चलेगी। कोहरा भी छाया रहेगा। विजिबिलिटी करीब 100-200 मीटर तक रहेगी।
  • 4 जनवरी: कोहरे के साथ बादल छाए रहेंगे। विजिबिलिटी करीब 100-200 मीटर तक रहेगी।

    मथुरा में घना कोहरा है। विजिबिलिटी 50 मीटर रह गई है। सुबह का तापमान 8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सर्दी से बचने को लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।

    लखनऊ में बादल छाए, तापमान 10 डिग्री

    लखनऊ में सुबह हल्की धुंध और बादल छाए रहे। ठंडी तेज हवाओं की वजह से सिहरन बढ़ गई है। लोग अलाव का सहारा लेते दिखे। गुरुवार सुबह 7 बजे शहर का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में पूर्वी हवाओं का असर बना रहेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री, जबकि अधिकतम तापमान 18 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

    ठंड से बचने के लिए ये सावधानी बरतें ठंड से बचने के लिए हेल्थ एक्सपर्ट्स ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। डॉक्टरों ने बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, ठंड से बचने के लिए इन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

    • हमेशा गर्म कपड़े, टोपी और मफलर पहनें।
    • गर्म पेय पदार्थों का सेवन करें।
    • बच्चों और बुजुर्गों को बाहर जाने से बचाएं।
    • शरीर को हाइड्रेटेड रखें और ठंडे पानी से बचें।