दिल्ली में घना कोहरा, 202 फ्लाइट्स लेट:धुंध की वजह से श्रीनगर और अमृतसर एयरपोर्ट बंद; हिमाचल में बर्फबारी से पारा माइनस 14º पहुंचा

देश के उत्तरी राज्यों में कड़ाके की ठंड का असर बना हुआ है। इसकी वजह से सैकड़ों फ्लाइट्स और ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार को घने कोहरे की वजह से 202 फ्लाइट्स लेट हुईं। दिल्ली और आगरा से खुलने वाली कई ट्रेनें देर से खुलीं।

14 राज्यों में घने कोहरे का असर है। पंजाब के अमृतसर में जीरो विजिबिलिटी के कारण एयरपोर्ट बंद कर दिया गया। यहां फ्लाइट्स के ऑपरेशन रोक दिए गए हैं। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में भी विजिबिलिटी और बर्फबारी की वजह से फ्लाइट्स ऑपरेशन बंद कर दिया गया है।

उत्तर प्रदेश के नोएडा में शीतलहर के कारण आठवीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। बिहार की राजधानी पटना में भी ठंड के कारण सभी स्कूलों और सभी क्लास की टाइमिंग बदल दी गई है। इसे 6 जनवरी तक सुबह 9 बजे से 4 बजे तक की गई है।

पहाड़ों पर भी बर्फबारी और ठंड बढ़ गई है। हिमाचल प्रदेश मे बर्फबारी के बाद से प्रदेश के 5 क्षेत्रों का पारा माइनस में पहुंच गया है। ताबो का न्यूनतम तापमान -14.7 डिग्री, समदो का -9.3 डिग्री, कुकुमसैरी -6.9 डिग्री, कल्पा का -2 और मनाली का 2.8 डिग्री दर्ज किया गया।

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते कश्मीर में बर्फबारी जारी रहेगी जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा, कुपवाड़ा, बारामूला और अनंतनाग के कुछ हिस्सों में गुरुवार को भारी बर्फबारी हुई। जबकि श्रीनगर और गांदरबल के मैदानी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई। गुलमर्ग, सोनमर्ग, पहलगाम और जोजिला में भी ताजा बर्फबारी हुई।

मौसम विभाग का अनुमान है कि कुछ इलाकों में शुक्रवार को भी बर्फबारी हो सकती है। जम्मू-कश्मीर में 4 से 6 जनवरी के बीच वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आ सकता है। इससे चलते बर्फबारी जारी रह सकती है।

दिल्ली में पांचवें दिन तापमान सामान्य से कम रहने का अनुमान दिल्ली में शुक्रवार को लगातार पांचवे दिन तापमान सामान्य से कम रहने का अनुमान है। शहर में गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1°C कम 16.2°C दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 7.6°C रहा। इसी तरह शुक्रवार का तापमान भी 17°C और 8°C रहने का अनुमान है।

अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम…

4 जनवरी: पूर्वोत्तर में कोहरे का अलर्ट, 4 राज्यों में बारिश के आसार

  • नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घने कोहरे की आशंका है।
  • पंजाब, हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी में बारिश हो सकती है।
  • जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बर्फबारी के आसार हैं।

5 जनवरी: 3 राज्यों में बर्फबारी का अलर्ट, नॉर्थईस्ट में कोहरे का अलर्ट

  • असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घना कोहरा देखने को मिलेगा।
  • जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी का अलर्ट। हिमाचल में बिजली भी गिर सकती है।
  • मध्य प्रदेश, राजस्थान में कोल्ड डे की कंडीशन रहेगी। अरुणाचल प्रदेश में ग्राउंड फ्रोस्ट कंडीशन देखने को मिलेगी।