मुंबई में कार ने महिला-पुरुष को टक्कर मारी, Video:कई फीट दूर जाकर गिरे दोनों, एक की मौत और दूसरा गंभीर

महाराष्ट्र के मुंबई में एक बार फिर तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। नवी मुंबई के तलोजा एमआईडीसी इलाके में मंगलवार सुबह 9.46 बजे कार ने महिला-पुरुष को टक्कर मार दी।

इस घटना में एक घायल की मौत हुई और दूसरे की हालत गंभीर है। वहीं, टक्कर की घटना वहां लगे CCTV में रिकॉर्ड हुई। इसका 25 सेकेंड का वीडियो सामने आया है।

इसमें नजर आ रहा है कि एक महिला मोबाइल फोन पर बात करती चली जा रही है। जैसे ही वो थोड़ा आगे बढ़ती है, तभी उसके पास से एक युवक क्रॉस करता दिखता है।

इसी दौरान तेज रफ्तार कार महिला-पुरुष को टक्कर मार देती है। हादसा इतना खतरनाक होता है कि महिला और पुरुष कई फीट दूर जाकर गिरते हैं। कार आगे जाकर दूसरी कार में टकराकर रुक जाती है।

पुलिस के मुताबिक कार ड्राइवर का गाड़ी से कंट्रोल छूटने के कारण हादसा हुआ। एक की मौत हुई है, दूसरे का अस्पताल में इलाज जारी है।

12 जनवरी: नासिक में 6 लोगों की मौत हुई थी

नासिक में 12 जनवरी की शाम करीब 7 बजे पिकअप गाड़ी लोहे की रॉड से भरी आयशर गाड़ी से टकरा गई थी। इस घटना में पिकअप सवार 6 लोगों की मौत हो गई थी। 5 लोग घायल हुए थे।

हादसा नासिक-मुंबई हाईवे पर हुआ। पिकअप में 16 लोग सवार थे। ये सभी निफाड़ में आयोजित धार्मिक आयोजन से शामिल होकर सिडको लौट रहे थे।

देश में 5 साल में सड़क हादसों में 7.77 लाख मौतें, महाराष्ट्र में 66 हजार

  • देश में पिछले 5 साल में सड़क हादसों में 7.77 लाख मौतें हुई हैं। सबसे ज्यादा 1.08 लाख मौतें उत्तर प्रदेश में हुई हैं। इसके बाद तमिलनाडु 84 हजार मौत और महाराष्ट्र 66 हजार मौत के साथ दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं।
  • अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की तरफ से जारी किए गए 2018 से 2022 के डेटा के आधार पर रोड ट्रांसपोर्ट एंड हाईवे मिनिस्ट्री ने ‘रोड एक्सीडेंट इन इंडिया, 2022’ रिपोर्ट जारी की है।
  • इसके मुताबिक, 2021 में देश में सड़क हादसों में 1,53,972 मौतें हुई थीं, जो 2022 में बढ़कर 1,68,491 हो गईं।