बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर हमले के 2 दिन बीत जाने के बाद भी हमलावर पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है। शनिवार सुबह संदिग्ध की तीसरी तस्वीर सामने आई है। यह तस्वीर हमले के पहले की है। इसमें वह यलो शर्ट में दिखाई दे रहा है।
बांद्रा पुलिस मामले में फिलहाल 2 लोगों से पूछताछ कर रही है। इन दोनों का हुलिया सैफ पर हमले करने वाले से मिलता जुलता बताया जा रहा है, जिसकी तस्वीरें सामने आई हैं। इधर, पुलिस ने क्राइम सीन से कलेक्ट किए गए फिंगरप्रिंट भी फोरेंसिक लैब भेज दिए हैं।
लीलावती अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि सैफ को प्राइवेट वॉर्ड में शिफ्ट कर दिया गया है, लेकिन वे अभी स्टेटमेंट रिकॉर्ड करने की हालत में नहीं है।
इससे पहले भी संदिग्ध की दो तस्वीरें सामने आ चुकी है। पहली तस्वीर सैफ के अपार्टमेंट की सीढ़ियों पर लगे CCTV से कैद हुई थी, जिसमें वह हमले वाली रात 1:37 बजे चढ़ते हुए और 2:33 बजे उतरते हुए देखा गया था।
इसके बाद शुक्रवार को सामने आई दूसरी तस्वीर में संदिग्ध बदले हुए हुलिया में दिखा था। यह तस्वीर बांद्रा के लकी होटल के पास की बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तीनों तस्वीरें हमलावर की ही हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है।
सैफ को अस्पताल ले जाने वाले ड्राइवर ने कहा- सैफ का पूरा शरीर खून से लथपथ था
ऑटो ड्राइवर भजन सिंह ने बताया, ‘रात में मैं गाड़ी चला रहा था। सतगुरु बिल्डिंग के सामने से किसी ने आवाज लगाई। रिक्शा, रिक्शा। मैंने ऑटो गेट के पास रोका। गेट से एक आदमी बाहर निकला। वो खून में लथपथ था। शरीर के ऊपर के हिस्से में जख्म था, खून बहुत बह रहा था। मैंने तुरंत उसे अपने रिक्शा में बैठा लिया।’
‘वो लोग आपस में बात कर रहे थे कि होली फैमिली जाएंगे या लीलावती। मैंने पूछा- किधर जाना है? तो उन्होंने कहा, लीलावती अस्पताल चलो। उनके साथ एक छोटा बच्चा और एक नौजवान भी था। कुल 3 लोग थे। मैं उन्हें नहीं जानता था। उस आदमी की पीठ पर गहरा जख्म था और गर्दन पर भी चोट लगी थी। पूरा शरीर खून से लथपथ था। मुझे वहां करीना कपूर नहीं दिखीं। पुलिस ने भी मुझसे अब तक कोई पूछताछ नहीं की है।’
एक्टर को ICU से स्पेशल रूम में शिफ्ट किया गया मुंबई के लीलावती हॉस्पिटल के चीफ न्यूरोसर्जन डॉ. नितिन डांगे और COO डॉ. नीरज उत्तमानी ने शुक्रवार को बताया कि सैफ को ICU से अस्पताल के स्पेशल रूम में शिफ्ट कर दिया गया है। वे खतरे से बाहर हैं।
सैफ अली खान पर बुधवार देर रात घर में घुसकर चाकू से हमला किया गया था। उन्हें गले, पीठ, हाथ और सिर समेत 6 जगह चाकू लगा था। उन्हें रात में ही हॉस्पिटल ले जाया गया था।
लीलावती अस्पताल के COO डॉ. नीरज उत्तमानी ने बताया कि सैफ की रीढ़ की हड्डी में चाकू का टुकड़ा फंसा था और फ्लूड भी लीक हो रहा था। सर्जरी करके इसे निकाला गया है।
डॉक्टर ने कहा कि अगर एक्टर की रीढ़ में चाकू 2 मिमी. और धंस गया होता तो रीढ़ की हड्डी को काफी नुकसान पहुंच सकता था।
सैफ बेटे तैमूर के साथ अस्पताल में पैदल दाखिल हुए थे लीलावती अस्पताल के डॉ. नितिन डांगे ने बताया, “सैफ अपने बेटे तैमूर के साथ अस्पताल के भीतर पैदल आए थे। उनके हाथ पर दो घाव थे। एक घाव गर्दन पर भी था, जिसकी प्लास्टिक सर्जरी हुई है। स्पाइन के पास से फंसा चाकू का टुकड़ा ऑपरेशन से निकाला गया है। सैफ को इन्फेक्शन से बचाने के लिए डॉक्टर्स ने विजिटर्स पर रोक लगा दी है। डॉक्टर ने बेड रेस्ट की सलाह दी है। उम्मीद है कि एक हफ्ते में रिकवरी हो जाएगी।”
इस बीच महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने कहा-
एक्टर पर हमले के पीछे किसी अंडरवर्ल्ड गैंग का हाथ नहीं है। सैफ ने कभी नहीं बताया कि उन्हें खतरा है या फिर सुरक्षा की जरूरत है।
मेड ने बताया- हमलावर ने एक करोड़ रुपए मांगे थे यह घटना सैफ-करीना के बच्चों तैमूर-जेह के कमरे की बताई जा रही है, जहां बच्चों की देखभाल करने वाली मेड (नैनी) अरियामा फिलिप उर्फ लीमा मौजूद थी।
उसने पुलिस को बताया कि उसे बाथरूम के पास एक परछाई नजर आई थी। उसे लगा कि करीना शायद अपने छोटे बेटे को देखने आई होंगी, लेकिन तभी एक व्यक्ति दिखा, जिसने उसे धमकाया और एक करोड़ रुपए की मांग की।
हमलावर को देखकर मेड चीखी। आवाज सुनकर सैफ अली खान बच्चों के कमरे में पहुंचे। सैफ को देखते ही अज्ञात शख्स ने उन पर हमला कर दिया। आरोपी और सैफ के बीच हाथापाई हुई। इस बीच दूसरी मेड भी आ गई।
हमले को लेकर 2 थ्योरी, वजह साफ नहीं
- हमलावर चोरी की नीयत से घुसा: सैफ की टीम के ऑफिशियल बयान में बताया गया कि सैफ अली खान के घर पर चोरी की कोशिश की गई। हमले में सैफ के घर की एक मेड (काम करने वाली) अरियामा फिलिप उर्फ लीमा भी जख्मी हुई है। हम मीडिया और प्रशंसकों से अनुरोध करते हैं कि वह ऐसी सिचुएशन में हमें सपोर्ट करें। यह पुलिस का मामला है। हम आपको अपडेट करते रहेंगे।
- घर में एक व्यक्ति घुसा, मेड से उसकी बहस हुई: डीसीपी गेदाम दीक्षित ने बताया कि सैफ अली खान खार के फॉर्च्यून हाईट्स में रहते हैं। कल देर रात एक व्यक्ति सैफ के घर में घुसा और मेड से बहस की। जब एक्टर ने उस व्यक्ति को शांत करने की कोशिश की तो उसने सैफ पर हमला किया और इस हमले में वे घायल हो गए।
हमले की थ्योरीज से जुड़े 3 सवाल
- हाई सिक्योरिटी सोसाइटी में हमलावर कैसे घुसा? हमला करने के बाद शोर-शराबे के बीच वह भागने में कामयाब कैसे हुआ?
- मेड क्या रात में घर पर ही रुकती थी? हमलावर की उससे बहस क्यों हो रही थी?
- क्या हमलावर मेड का परिचित था? क्या उसी ने हमलावर को घर में एंट्री दी थी?
हमले के वक्त सैफ के घर में 3 महिला और 3 पुरुष नौकर मौजूद थे
रात में हमले के वक्त सैफ अली खान के घर में 3 महिला और 3 पुरुष नौकर थे। इब्राहिम और सारा अली खान भी इसी बिल्डिंग में आठवीं मंजिल पर रहते हैं। हमले के बाद वह ऊपर आए और सैफ अली खान को लेकर ऑटो में अस्पताल गए। घर पर कोई भी ड्राइवर मौजूद नहीं था। ऑटोमेटिक इलेक्ट्रिक वाहन किसी को चलाना नहीं आता था, इसलिए ऑटो से लीलावती अस्पताल पहुंचे।
जहां हमला हुआ, वह सैफ और करीना का नया घर
सैफ और करीना दोनों बेटों के साथ मुंबई के बांद्रा स्थित सतगुरु शरण अपार्टमेंट में रहते हैं। सैफ की दोस्त और फेमस इंटीरियर डिजाइनर दर्शिनी शाह ने इसे डिजाइन किया है। पुराने घर की तरह सैफ के नए घर में भी लाइब्रेरी, आर्ट वर्क, खूबसूरत छत और स्विमिंग पूल है। शाही लुक देने के लिए इस अपार्टमेंट को वाइट और ब्राउन कलर से सजाया गया है। बच्चों के लिए नर्सरी और एक थिएटर स्पेस भी है।
सैफ के पास 1200 करोड़ की संपत्ति सैफ के पास कई आलीशान घर हैं। उनके पास गुरुग्राम में पटौदी पैलेस, बांद्रा में दो आलीशान घर हैं। हरियाणा के गुरुग्राम में बना उनका पैतृक पटौदी पैलेस सबसे खास है। पटौदी पैलेस की कीमत तकरीबन 800 करोड़ रुपए है।
सैफ, करीना से शादी करने के बाद बांद्रा के फॉर्च्यून हाइट्स में रह रहे थे। दोनों करीब 11 साल तक इस घर में रहे, लेकिन दूसरे बेटे जेह के जन्म से ठीक पहले नए अपार्टमेंट में शिफ्ट हो गए। करीब 1500 स्क्वायर फीट के पुराने अपार्टमेंट को उन्होंने रेंट पर दे दिया। जानकारी के मुताबिक इसे 15 लाख की सिक्योरिटी डिपॉजिट के साथ 3.5 लाख रुपए मंथली किराए पर दिया गया है। 2013 में इस घर की कीमत तकरीबन 50 करोड़ रुपए थी।
सैफ के पास स्विट्जरलैंड में भी एक घर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसकी कीमत 33 करोड़ रुपए है।