मुरादाबाद एयरपोर्ट के रनवे से तेंदुआ पकड़ा गया है। पिछले 20 दिनों से एयरपोर्ट के आसपास तेंदुआ देखा जा रहा था। एक दिन पहले तेंदुए ने ड्यूटी पर तैनात SSF और QRT के जवानों पर झपट्टा भी मारा था। उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग की टीम को भी दी थी। जिसके बाद वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा और जाल बिछाया था। मंगलवार को तेंदुए पिंजरा के पास आया। उसके बाद जाल में फंस गया। वन विभाग की टीम उसे अपने साथ ले गई है।
1 जनवरी को पहली बार देखा गया था
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, 1 जनवरी को एयरपोर्ट के रनवे पर पहली बार रात में तेंदुआ देखा गया था। उसके बाद से लगातार उसकी आवाजाही बनी हुई थी। मंगलवार को तेंदुए ने ड्यूटी पर तैनात SSF और QRT के जवानों पर हमला किया था। जिसमें वे बाल बाल बचे थे। इसके बाद से एयरपोर्ट स्टाफ में दहशत का माहौल था। कर्मचारी डरते हुए ड्यूटी कर रहे थे।
तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे में बकरा बंद किया था
1 जनवरी को ही वन विभाग को इसकी सूचना दे दी गई थी। जिसके बाद वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए प्लान बनाया। उसे पकड़ने के लिए एयरपोर्ट के रनवे से थोड़ी दूर पर एक पिंजरा लगाया गया। जिसमें एक बकरे को बंद कर दिया गया। उसके पास ही जाल बिछाया गया। मंगलवार शाम को तेंदुआ घूमते हुए पिंजरे के पास पहुंचा। उसके बाद पिंजरे में बंद बकरे को खाने के लिए आगे बढ़ा। तभी उसका पैर जाल फंस गया। उसके बाद वन विभाग की टीम ने उसे पिंजरे के अंदर बंद कर दिया।
देखने के लिए लगी भीड़
तेंदुआ पकड़ने जाने की सूचना मिलने पर एयरपोर्ट और आस पास के रहने वाले लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों को देखकर तेंदुआ होने गुर्राने लगा। उसके बाद भीड़ को उसके पास से हटाया गया। वन विभाग की टीम उसे पिंजरे समेत अपने साथ ले गई। अपर पुलिस महानिदेशक SSF ने तेंदुए को पकड़ने वाली टीम को 5 हजार रुपए का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की है।