MP-राजस्थान के 14 शहरों में तापमान 10º से नीचे:दिल्ली में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट; हिमाचल में बर्फबारी से पारा माइनस 4.3º

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में बर्फबारी जारी है। मौसम विभाग ने कहा कि बर्फीली हवाओं के कारण उत्तर भारत के राज्यों में भी तापमान में गिरावट हुई है।

मध्य प्रदेश और राजस्थान के 14 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। MP में सबसे कम तापमान मंडला में 5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राजस्थान में हिल स्टेशन माउंट आबू में पारा 8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दोनों राज्यों में कल बारिश की संभावना भी है।

उधर, दिल्ली में आज से एक हफ्ते तक कोहरे के साथ-साथ आंधी, तूफान और बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने कहा कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री और अधिकतम तापमान में 7 डिग्री की गिरावट आ सकती है।

हिमाचल प्रदेश के हंसा में 15 सेमी और मुरंग में 10 सेमी बर्फबारी हुई। ताबो में तापमान माइनस 4.3 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग ने कहा है कि मंगलवार को चंबा, किन्नौर, कुल्लू, लाहौल स्पीति में बर्फबारी होगी, जिससे तापमान और गिरेगा।

लाहौल में घटी पर्यटकों की संख्या, अटल टनल खुली

हिमाचल प्रदेश के सोलंगनाला में बर्फ पिघलने और अटल टनल रोहतांग के पार सिस्सू में पर्यटन गतिविधियां बंद होने के चलते अब धीरे धीरे पर्यटकों को संख्या में कमी आने लगी है। सोमवार को भी पर्यटक अटल टनल रोहतांग के पार सिर्फ 4×4 वाहनों में ही पहुंच पाए।

इस बार अभी तक कम बर्फबारी के चलते प्रसिद्ध पर्यटक स्थल सोलंगनाला में तेजी से बर्फ पिघल रही है। ग्रीन टैक्स बैरियर के आंकड़ों से देखा जाए तो बीते तीन दिनों में कुल 3540 वाहन ही आए हैं। पिछले सप्ताह वीकेंड के तीन दिनों का यह आंकड़ा पांच हजार वाहनों से ज्यादा था। होटल व्यवसायियों के अनुसार अब ऑक्यूपेंसी 80 प्रतिशत से घटकर 50 प्रतिशत रह गई है।

अगले 2 दिन मौसम का अनुमान…

22 जनवरी: 3 राज्यों में बिजली, 5 राज्यों में बारिश का अनुमान

  • हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने का अलर्ट है।
  • पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बारिश और आंधी चल सकती है।
  • गुजरात-राजस्थान में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है

23 जनवरी: 4 राज्यों में घना कोहरा, साउथ के राज्यों में बारिश

  • पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान में घना कोहरा
  • हिमाचल प्रदेश में कोल्ड डे का अलर्ट
  • तमिलनडु, पुडुचेरी और केरल में बारिश की संभावना