यूपी में एक बार फिर मौसम बदल गया। नोएडा और मथुरा में तेज बारिश हुई। गाजियाबाद में सुबह बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने आज 19 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ बिजली भी गिर सकती है।
सुबह से 35 जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। लखनऊ में विजिबिलिटी 10 मीटर पहुंच गई। इस वजह से सुबह 6 बजे दिल्ली जाने वाली फ्लाइट को कैंसिल कर दिया गया। 8 बजे मस्कट जाने वाली फ्लाइट की टाइमिंग बदली गई। रात 2 बजे सऊदी के जेद्दा जाने वाली फ्लाइट 5 घंटे लेट रवाना हो पाई।
बुधवार को अयोध्या सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वाराणसी सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
क्यों बदला यूपी का मौसम? BHU मौसम वैज्ञानिक ने कहा- आज नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में बूंदाबांदी के आसार हैं, लेकिन पूर्वांचल के जिलों में इसका असर नहीं दिखाई देगा। हालांकि, कुछ जिलों में सुबह के समय घना कोहरा रहेगा।
शहरों में मौसम हाल जानिए
गाजियाबाद में बूंदाबांदी, तापमान 10 डिग्री
गाजियाबाद में रात में हल्की बूंदाबांदी से मौसम में बदलाव आया है। गुरुवार को मौसम विभाग ने 3 मिलीमीटर बारिश होने का अनुमान जताया है। सुबह का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस पहुंचने का अनुमान है।
मथुरा में बारिश, गलन बढ़ी
मथुरा में सुबह से रिमझिम बारिश हो रही है। जिसके कारण हल्की गलन बढ़ी है। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले, दो दिन मौसम सुहावना रहा और धूप खिली रही।
अयोध्या में कोहरा, विजिबिलिटी 30 मीटर
अयोध्या में घना कोहरा छाया है। विजिबिलिटी 30 मीटर तक पहुंच गई है। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया। कोहरे का सबसे अधिक असर अयोध्या आने जाने वाली ट्रेनों पर दिखाई दे रहा है। रामनगरी आने वाली 12 ट्रेनें 1 घंटे से 7 घंटे की देरी से आ और जा रही हैं।
2016 में जनवरी महीने में था इतना तापमान BHU मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव ने बताया- 2016 में जनवरी महीने में वाराणसी में अधिकतम तापमान 28.5 और न्यूनतम 7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था, लेकिन इस साल वाराणसी ने एक ही सप्ताह में तीन बार सबसे अधिक तापमान वाले शहर का रिकॉर्ड तोड़ा।
एक सप्ताह में तीन से चार डिग्री तापमान में बढ़ोतरी हुई है। 22 जनवरी को अधिक 28 डिग्री, 21 जनवरी को 28.7 डिग्री, 20 जनवरी को 25.8 डिग्री,19 जनवरी को 25.2 डिग्री दर्ज किया गया। इस हिसाब से वाराणसी में गर्मी ने 9 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
ये ट्रेनें रहीं लेट
- गोरखपुर महाकुंभ एक्सप्रेस : 3 घंटे लेट
- कामायनी एक्सप्रेस : 2 घंटे 30 मिनट लेट
- छपरा से लखनऊ जाने वाली लखनऊ एक्सप्रेस : कैंसिल
- कोलकाता एक्सप्रेस : 2 घंटे लेट
- 12596/हमसफर एक्सप्रेस : कैंसिल