सोनीपत में DFSC की पिटाई:2 लड़कियों ने ऑफिस में घुसकर जड़ दिए थप्पड़, राशन कार्ड के लिए लगा रही थी चक्कर

सोनीपत में सोमवार को दो लड़कियों ने जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) की पिटाई कर दी। लड़कियां कई दिनों से राशन कार्ड के सिलसिले में जिला खाद्य एवं आपूर्ति कार्यालय के चक्कर लगा रही थीं। डीएफएससी से बात करने के बाद लड़कियां बाहर जा रही थीं, तभी अचानक कुछ ऐसा हुआ कि वह वापस लौटी और डीएफएससी हरवीर सिंह को थप्पड़ मारने लगी।

शोर सुनकर कर्मचारी अधिकारी के कमरे में पहुंचे, उनके सामने भी लड़की ने अधिकारी को कई थप्पड़ मारे। डीएफएससी की शिकायत पर पुलिस ने दोनों लड़कियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच कर रही है कि अचानक बाहर जा रही लड़कियां किस बात पर भड़क गईं। लड़कियों के नाम सामने आ गए हैं, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

डीएफएससी ने ये बताया

सोनीपत के DFSC हरवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि दो लड़कियां राशन कार्ड , फैमिली आईडी से संबधित समस्या लेकर उनके कार्यालय में आईं थी। इनमें से एक लड़की एक के बाद एक 3-4 बार कार्यालय मे आई। दोनों लड़कियों को राशन कार्ड से जुड़ी प्रक्रिया के बारे में पहले ही विस्तार से समझा दिया था।

पहले मेज पर रखी चीजों को गिराया, फिर जड़े थप्पड़

DFSC के अनुसार, अंतिम बार जब वह लड़की उनके पास आई और पूछा कि उसे समाधान शिविर मे जाकर क्या बताना है। अधिकारी ने उसे फिर से पूरी प्रक्रिया के बारे मे बताया। इसके बाद लड़की दरवाजे की तरफ गई। फिर एक दम से वापस मुड़ कर आ गई। लड़की ने मेज पर रखी चीजों को धक्का मारा, जिसकी वजह से वहां रखा पानी का ग्लास, DFSC का फोन आदि सब कुछ फर्श पर गिर गया।

लड़की ने इसके बाद चिल्लाते DFSC को थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। साथ ही वह आवाज देकर अपने साथियों को बुलाने लगी। कार्यालय में शोर-शराबा सुनकर अधीक्षक भी वहां पहुंची। इसके बाद दूसरे स्टाफ के कर्मी भी वहां उनके कमरे में आ गए। DFSC का कहना है कि अधीक्षक के सामने भी लड़की ने उसे थप्पड़ मारना जारी रखा। बड़ी मुश्किल से लड़कियों को वहां से हटाया गया।

DFSC का आरोप- ये सोची समझी साजिश का हिस्सा

डीएफएससी ने पुलिस को बताया कि बाद में उनको पता चला कि थप्पड़ मारने वाली लड़की सोनिया थी और उसके साथ आई दूसरी लड़की का नाम मोनिका है। डीएफएससी ने दावा किया कि उनको लगता है कि दोनों लड़कियों ने किसी सोची-समझी साजिश के तहत यह कृत्य (हंगामा-मारपीट) की है। उसने दोनों लड़कियों के खिलाफ पुलिस से कार्रवाई की अपील की।

पुलिस ने दोनों पर दर्ज किया केस

सोनीपत के सिविल लाइन थाना के SI परविंद कुमार के अनुसार, डीएफएसी हरवीर सिंह ने कार्यालय में हुई घटना को लेकर दो लड़कियों के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके का मुआयना किया, ऑफिस के अन्य कर्मियों से घटना का ब्योरा लिया और इसके बाद धारा 121(1), 132 और 221 BNS के तहत मामला दर्ज किया है। घटना के सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लड़कियों पर पुलिस FIR में ये आरोप

  • धारा 121(1): किसी सरकारी अधिकारी के कार्य में बाधा डालना और हिंसा करना।
  • धारा 132: सरकारी कर्मचारी के साथ दुर्व्यवहार और हमला करना।
  • धारा 221: सरकारी कार्यवाही में बाधा उत्पन्न करना।