कैथल में व्यक्ति के सिर पर कुल्हाड़ी से वार:हालत गंभीर, चंडीगढ़ रेफर; लाठी-डंडे लेकर घर में घुसे 5 लोग, पुरानी रंजिश में हमला

कैथल में पांच आरोपियों ने एक घर में घुसकर एक परिवार के सदस्यों पर लाठी, डंडों व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। आरोपियों ने एक व्यक्ति के सिर पर कुल्हाड़ी मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने अब पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

अर्जुन नगर कैथल निवासी सुखविंदर ने शहर थाने में शिकायत दी कि उसके पड़ोसी सत्यनारायण व चरणजीत उसके साथ पुरानी रंजिश रखते हैं। 29 जनवरी को वह अपने परिवार के साथ घर पर था। शाम करीब 7:45 बजे सत्यनारायण, चरणजीत, कुसुम, अभिषेक व दीपक लाठी, डंडे व कुल्हाड़ी लेकर उसके घर में घुस आए।

उसने आरोपियों को बाहर जाने को कहा तो अभिषेक ने उसके सिर पर कुल्हाड़ी मार दी। इससे वह जमीन पर गिर गया। बाद में उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई। उसके परिवार के साथ भी मारपीट की गई।

घायल को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया

जब उसके परिवार ने शोर मचाया तो आरोपियों ने उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी और हथियार लहराते हुए भाग गए। परिजनों ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।

शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की नीयत से हमला किया। सिटी थाना प्रभारी गीता ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।