MP-राजस्थान में 36kmph रफ्तार से हवा चली, ठंड बढ़ी:तमिलनाडु के ऊटी में पारा 0°, हिमाचल में बर्फबारी; 3 राज्यों में बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार और झारखंड में एक बार फिर ठंड बढ़ गई है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते हिमालय के ऊंचे इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो रही है। इससे मध्य भारत में बर्फीली हवाएं चल रही हैं। MP, UP, बिहार, राजस्थान में पारा 2 से 5° तक घट गया है।

हिमाचल प्रदेश में 5 दिन तक बारिश, बर्फबारी और कोहरे का अलर्ट है। 3 जिले कोल्डवेव की चपेट में रह सकते हैं। वहीं, असम में बने साइक्लोनिक सर्कुलेश से अरुणाचल प्रदेश, मेघालय और असम में बारिश हो सकती है।

तमिलनाडु में दो जगहों उधगमंडलम (ऊटी) और सैंडीनल्लाह में गुरुवार को तापमान 0° सेल्सियस पर पहुंच गया। ऊटी में जनवरी की शुरुआत में पारा माइनस 2 डिग्री तक गिर गया था।

उधगमंडलम और कंथल, थलाईकुंठा समेत आसपास के कई इलाकों में पाला पड़ा है। कंटेनरों में रखा पानी जम गया, जबकि खुले में खड़ी कारों पर बर्फ जम गई। लोग अपने चार पहिया वाहनों की विंडशील्ड से बर्फ हटाते नजर आए।

IMD के मुताबिक देश के बाकी राज्यों में मौसम सामान्य रहेगा। 15 फरवरी के बाद से तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। इससे सभी राज्यों में गर्मी बढ़ेगी।

8 से 12 फरवरी तक बारिश-बर्फबारी का अलर्ट

पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने से जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 8 से 12 फरवरी तक बारिश और बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और ओडिशा में कोहरा छाया रहेगा। साथ ही मौसम विभाग ने अन्य राज्यों में ठंड बढ़ने का अनुमान लगाया है। मध्य भारत, पूर्वी भारत के राज्यों में तापमान 2-5 डिग्री तक घटेगा।