लखनऊ में मुंशी पुलिया और खुर्रम नगर फ्लाईओवर के निर्माण से 15 लाख की आबादी को फायदा मिलेगा। शहर के लोगों को अब जाम से निजात मिलने के साथ गंतव्य तक पहुंचने में आसानी होगी। आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह दोनों फ्लाईओवर का लोकार्पण करेंगे।
इस दौरान तो कुछ लोगों ने कहा- आधी अधूरी तैयारियों के साथ अफसर लोकार्पण करवा रहे हैं। इतना ही नहीं लोकार्पण कार्यक्रम स्थल के सामने ही सड़क बदहाल स्थिति में है। कई जगहों पर दीवारों में दरारें हैं। प्लास्टर भी उखाड़ने लगा है।
5 लाख लोग रोजना गुजरते हैं
खुर्रम नगर फ्लाईओवर के खुलने से सबसे ज्यादा फायदा जानकीपुरम, अलीगंज, इंदिरानगर, गोमतीनगर और सीतापुर रोड के यात्रियों को होगा। इस फ्लाईओवर से होकर करीब 5 लाख लोग रोजना गुजरते हैं, जो बिना किसी सड़क जाम के अपने-अपने गंतव्यों तक पहुंच पाते हैं। इससे न सिर्फ उनका काफी समय बचता है बल्कि उनके काम पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
फ्लाईओवर निर्माण से कई लोग खुश, कुछ ने उठाए सवाल
फ्लाईओवर के निर्माण में कुछ लोगों ने लापरवाही की बात कही तो वहीं कुछ लोग खुश भी हैं। डालीगंज निवासी मानस का कहना है कि फ्लाईओवर के निर्माण होने से ट्रैफिक नहीं होगा। आना जाना आसान हो गया है। लोग कम समय में ऑफिस या कॉलेज पहुंच जाएंगे।
इंजीनियरिंग चौराहा निवासी दिवेश कुमार अवस्थी के मुताबिक उन्हें पोलिटेक्निक और मुंशी पुलिया चौराहे पहुंचने में डेढ़ से दो घंटे लगते थे, लेकिन फ्लाईओवर बनने से रास्ता एक घंटे से कम में पूरा हो जाएगा। जाम से भी निजात मिल जाती है।
जाम से मिलेगी मुक्ति
ओवरब्रिज के चलते खुर्रमनगर, जगरानी, सेक्टर-25 और बंधे वाले रोड पर जाम से मुक्ति मिलेगी। यहां पर रहने वाले करीब सात लाख लोगों को इसका फायदा मिलेगा। टेढ़ी पुलिया से आने वाले लोग इसकी दाहिनी लेन पर सीधे आ सकेंगे।
पॉलिटेक्निक फ्लाईओवर पर वाहन के चढ़ते ही मुंशी पुलिया, खुर्रमनगर, टेढ़ी पुलिया, इंजीनियरिंग कॉलेज फ्लाईओवर होते हुए आइआइएम रोड फ्लाईओवर से होते हुए जा सकेंगे। आने वाले एक सप्ताह में दूसरी लेन पर वाहन चलने लगेंगे।
रेलिंग में दरारें आईं, कवर भी गायब
पॉलिटेक्निक चौराहे से इंदिरा नगर सेक्टर-16 के बीच करीब 1800 मीटर लंबा चार लेन के मुंशी पुलिया फ्लाईओवर पर गाड़ी दौड़ रही हैं। लेकिन, अभी इसका काम पूरा नहीं हुआ है। फ्लाईओवर कई जगह एक्सपेंशन ज्वाइंट नहीं भरे गए हैं। ऐसे में तेज रफ़्तार से दौड़ने वाले गाड़ियों को झटके लग रहे हैं। इसके चलते कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। जगह-जगह रेलिंग पर लगे कवर गायब हो गए हैं। कई जगह रेलिंग में दरारें भी आ गई हैं। उसमें से प्लास्टर भी उखाड़ने लगा है। डिवाइडर पर भी काम पूरा नहीं किया गया है।
सर्विस रोड पर नाले का काम अधूरा
इंदिरा नगर सेक्टर 19 चौराहे से जगरानी अस्पताल तक जाने वाला खुर्रम नगर फ्लाईओवर का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। इंदिरा नगर की तरफ से फ्लाईओवर पर चढ़ने के दौरान कहीं भी रास्ता बताने के लिए साइन बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। सर्विस रोड पर बने नाले का काम भी पूरा नहीं हुआ है। मिट्टी को उठाकर सड़क के किनारे डाल दिया गया है। इसके साथ ही फ्लाईओवर को खूबसूरत बनाने के लिए बनाए गए आर्च की पेंटिंग तक नहीं की गई है।
कार्यक्रम स्थल के सामने सड़क ख़राब
मुंशी पुलिया और खुर्रम नगर फ्लाईओवर का लोकार्पण कार्यक्रम विकास नगर स्थित मिनी स्टेडियम में रखा गया है। इसके ठीक सामने से जा रही रोड पर करीब 50 मीटर की सड़क खराब है। सड़क पर ही बजरी और गिट्टी चिपकी हुई है। खस्ताहाल सड़क पर तेज गति में आने वाली गाड़ियां दुर्घटना का शिकार होने से बच रही हैं।
अधिकारियों ने भी मानी कमियां, दूर करने की कह रहे बात
सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता आर के पिठौरिया ने कहा- ज्वाइंट में गैप हवा के लिए छोड़ा जाता है। बाकी जो दरारें हैं। उसको दिखवाया जाएगा। समय से मरम्मत करा ली जाएगी।