हैदराबाद में महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने सुसाइड किया:6 महीने पहले गोवा में शादी हुई थी; मां बोली- दामाद दहेज के लिए परेशान करता था

हैदराबाद में महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर के सुसाइड का मामला सामने आया है। 25 साल की देविका ने 2 मार्च की रात रायदुर्गम के प्रशांति हिल्स स्थित अपने घर में सीलिंग फैन से फांसी लगाकर जान दे दी।

घटना के बाद मृतक देविका की मां ने FIR दर्ज करवाई। जिसमें कहा कि दामाद सतीश शादी के बाद से ही देविका को दहेज के लिए परेशान करता था। इससे तंग आकर उसने आत्महत्या कर ली।

देविका और सतीश एक ही सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करते थे। दोनों 2 साल से एक-दूसरे को जानते थे। अगस्त 2024 में दोनों की गोवा में शादी हुई थी।

मृतक की मां और परिवार के आरोप

  • रायदुर्गम पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत में देविका की मां ने बताया कि दामाद ने उनके नाम पर रजिस्टर्ड घर को अपने नाम पर करवाने के लिए बेटी पर दबाव डाला। साथ ही दहेज के लिए परेशान किया।
  • देविका के परिवार वालों ने मीडिया से बातचीत में कहा- दहेज को लेकर देविका का पति उसे प्रताड़ित करता था। उसे शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न सहना पड़ा। अब सहन नहीं हुआ तो उसने खुद की जान ले ली।

रात में टीवी रिमोट को लेकर लड़ाई हुई थी

शुरुआती जांच के बाद एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 2 मार्च की रात टीवी रिमोट को लेकर पति-पत्नी के बीच बहस हुई, जिसके बाद पति घर छोड़कर चला गया। अगली सुबह जब वह लौटा तो उसने अपनी पत्नी को मृत पाया। इसके बाद उसने ही पुलिस और परिवार को जानकारी दी कि उसकी पत्नी ने फांसी लगा ली है।

रायदुर्गम पुलिस ने पति सतीश के खिलाफ दहेज उत्पीड़न के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है। उस्मानिया अस्पताल में देविका के शव का पोस्टमार्टम हुआ है।