राजस्थान और मध्य प्रदेश में मार्च में ठंड पड़ रही है। पिछले दो दिनों से दोनों राज्यों के कुछ जिलों में 20 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। राजस्थान में रात का तापमान 10ºC से कम है। सुबह-शाम तेज ठंड है। हवा चल रही है, लेकिन दिन में आसमान साफ और तेज धूप भी खिल रही है। 7 मार्च से तापमान फिर से बढ़ेगा।
मध्य प्रदेश में भी पहाड़ों पर हो रही बारिश-बर्फबारी का असर दिख रहा है। भोपाल समेत कई जिलों में रात का तापमान 8º गिरकर 10º के आसपास आ गया। यह सामान्य से 5 डिग्री कम है। वहीं, दिन के तापमान में भी 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। 15 साल में यह तीसरी बार है, जब राजधानी समेत कुछ जिलों में शीतलहर जैसे हालात बने हैं।
उधर, हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने अगले दो दिन बर्फबारी और बारिश की चेतावनी जारी की है। लाहौल और स्पीति जिले के कुकुमसेरी में सबसे कम तापमान -12.5ºC दर्ज किया। केलॉन्ग में पारा -11.0 ºC रहा। 9 मार्च को लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।