दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशन एयरपोर्ट (IGI) पर 82 साल की महिला को एअर इंडिया ने व्हीलचेयर देने से मना कर दिया। वह इसके लिए एक घंटे तक इंतजार करती रहीं। फिर काफी दूर तक चलना पड़ा।
बाद में एयरलाइन काउंटर के पास वह गिर गईं। गिरने से महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, लेकिन वहां मौजूद किसी भी स्टाफ ने मदद नहीं की। वे दो दिन से बेंगलुरु के अस्पताल में ICU में भर्ती हैं।
महिला की पोती पारुल कंवर ने 7 मार्च को X पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि 4 मार्च को वे अपनी दादी के साथ दिल्ली से बेंगलुरु जा रही थी। एअरलाइंस ने उनकी बुजुर्ग दादी के साथ बुरा व्यवहार किया।
उन्होंने टिकट बुकिंग के दौरान ही दादी के लिए एयरक्राफ्ट डोर तक व्हीलचेयर की डिमांड की थी। टिकट पर व्हीलचेयर की पुष्टि भी थी। लेकिन टर्मिनल-3 पर 1 घंटे के इंतजार के बाद भी व्हीलचेयर नहीं दी गई।
चोटों के साथ विमान में बैठकर बेंगलुरु पहुंची
पारुल ने आरोप लगाया कि बाद में एक व्हीलचेयर आई और दादी को विमान में बैठा दिया गया, लेकिन सही मेडिकल चेकअप नहीं मिला। वह होंठ से बहते खून, सिर और नाक पर चोटों के साथ विमान में चढ़ीं।
फ्लाइट क्रू ने बर्फ की पट्टियां दीं और बेंगलुरु एयरपोर्ट पर डॉक्टर को बुलाया, जहां महिला के होंठों पर 2 टांके लगाए गए। अब वे ICU में हैं और डॉक्टर उनके ब्रेन ब्लीड की आशंका जता रहे हैं।
परिवार ने DGCA और एयर इंडिया में शिकायत दर्ज की है और अब कार्रवाई का इंतजार कर रहा है।
एअर इंडिया बोला- पैसेंजर्स का दावा गलत एअर इंडिया ने शनिवार को कहा- परिवार के सदस्यों ने प्रस्थान के निर्धारित समय से 90 मिनट से भी कम समय पहले पर्सन्स विद रिड्यूस्ड मोबिलिटी डेस्क पर व्हीलचेयर के लिए अनुरोध किया था।
उस समय पीक डिमांड की वजह से व्हीलचेयर को 15 मिनट के भीतर उपलब्ध नहीं कराया जा सका। पैसेंजर्स का एक घंटे इंतजार करने का दावा गलत है। किसी भी सहायता से इनकार नहीं किया गया।
एअर इंडिया के मुताबिक पैसेंजर्स ने अपनी मर्जी से चलने का फैसला किया। दुर्भाग्य से वह हवाई अड्डे के परिसर में गिर गई। ड्यूटी पर मौजूद एयरपोर्ट डॉक्टर ने तुरंत उनका प्राथमिक उपचार किया।
एयरलाइंस के मुताबिक हमने एयरपोर्ट डॉक्टर की अतिरिक्त चिकित्सा सुविधा देने की पेशकश को स्वीकार नहीं किया गया और परिवार के सदस्यों ने बेंगलुरु की यात्रा जारी रखने पर जोर दिया।
एयरलाइन ने यह भी बताया कि परिवार के सदस्यों के अनुरोध पर हमारे स्टाफ ने यात्री को बेंगलुरु एयरपोर्ट परिसर में आगे की चिकित्सा सुविधा के लिए ले जाया। हमने यात्री के परिवार से संपर्क किया है।
एअर इंडिया ने कहा- हमें इस घटना का दुख है और हम महिला के जल्द ठीक होने की कामना करते हैं। हम मामले की पूरी जांच कर रहे हैं और जल्द से जल्द जानकारी साझा करेंगे।