हरियाणा में भाजपा ने जिला अध्यक्षों का ऐलान कर दिया है। खास बात यह है कि प्रदेश में अभी 22 जिले हैं, लेकिन भाजपा ने 27 अध्यक्ष बनाए हैं। इनमें हांसी, ग्रेटर गुरुग्राम, गोहाना, डबवाली और बल्लभगढ़ शामिल हैं। माना जा रहा है कि भाजपा सरकार जल्द ही इन्हें जिला बनाने की घोषणा कर सकती है।
वहीं, नए बनाए अध्यक्षों में हिसार में आशा खेदड़ को दोबारा अध्यक्ष बनाया गया है। पहले उनका तत्कालीन मंत्री रणजीत चौटाला से विवाद हो गया था, जिस वजह से उन्हें हटा दिया गया था।
गुरुग्राम में अध्यक्ष बनाए सर्वप्रिय त्यागी बचपन से ही RSS से जुड़े हैं। हालांकि, उनकी पत्नी हाल ही में हुए निगम चुनाव में गुरुग्राम के वार्ड-6 से पार्षद चुनाव हार गई थीं। ग्रेटर गुरुग्राम से किसी अहीर को अध्यक्ष बनाने की चर्चा थी। उसी पर चलते हुए भाजपा ने अजीत यादव को कमान सौंपी है।
हिसार अध्यक्ष बनीं खेदड़ को मंत्री से विवाद पर हटाया था हिसार से नई जिला अध्यक्ष बनीं आशा खेदड़ पहले भी इस पद पर रह चुकी हैं। पूर्व मंत्री रणजीत चौटाला के साथ विवाद के चलते पार्टी ने अध्यक्ष पद से उन्हें हटाकर अशोक सैनी को लगाया गया था। अब उनकी हिसार में वापसी के साथ अशोक सैनी को हांसी का अध्यक्ष बना दिया गया है।
गुरुग्राम अध्यक्ष की पत्नी वार्ड चुनाव हार गई थीं गुरुग्राम में सर्वप्रिय त्यागी और ग्रेटर गुरुग्राम से अजीत यादव भाजपा के जिलाध्यक्ष बन गए हैं। सर्वप्रिय त्यागी बचपन से ही संघ से जुड़े हुए हैं। वह युवा भाजपा में जिलाध्यक्ष समेत कई पदों पर रह चुके हैं। उनकी पत्नी हाल ही में सम्पन्न हुए निकाय चुनाव में वार्ड-6 से चुनाव हार गईं।
वहीं, ग्रेटर गुरुग्राम का क्षेत्र पूरी तरह से यादव बाहुल्य यानी अहिरवाल है। ऐसे में यहां से किसी यादव को ही जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने की संभावना थी। यहां से अजीत यादव को जिलाध्यक्ष बनाकर भाजपा ने अहीरों को खुश करने की कोशिश की है।
करनाल के जिलाध्यक्ष विधायक के करीबी भाजपा ने प्रवीण लाठर को करनाल का नया जिला अध्यक्ष बनाया है। प्रवीण लाठर करनाल के रहने वाले है और मंडल अध्यक्ष से लेकर जिला उपाध्यक्ष तक रह चुके हैं। प्रवीण बहुत पुराने कार्यकर्ता हैं। वर्ष 2017 से 2019 तक वह करनाल के मंडल अध्यक्ष रहे और जिला सचिव भी रहे।
इसके बाद 2020 में उन्हें जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिल गई थी। फिर वह लगातार दो टर्म तक जिला उपाध्यक्ष रहे। उन्हें विधायक जगमोहन आनंद का करीबी माना जाता है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि जो मुझे जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी मेहनत और ईमानदारी के साथ निभाऊंगा। पार्टी और संगठन को मजबूत करने और सभी को साथ लेकर चलने का कार्य करूंगा।