बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तानी सेना पर आत्मघाती हमले का वीडियो जारी किया है। ये हमला BLA ने रविवार सुबह क्वेटा से ताफ्तान जा रहे 8 मिलिट्री वाहनों पर नोशकी के हाईवे के पास किया था।
इस वीडियो में दिखाया गया है कि हाईवे से गुजर रहे सेना के काफिले की एक गाड़ी में विस्फोट हुआ। BLA ने इस गाड़ी को अपना पहला टारगेट, जबकि उसके पीछे चल रही दूसरी गाड़ी को दूसरा टारगेट बताया।
इस वीडियो की शुरुआत में BLA ने लिखा कि उसकी मजीद ब्रिगेड और फतेह स्क्वॉड ने नोशकी के पास सेना के काफिले पर टारगेट अटैक किया। BLA ने दावा किया कि इसमें 90 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं।
वहीं, रविवार शाम को पाकिस्तान के बलूचिस्तान में ग्वादर कोस्ट गार्ड पर हमला किया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यहां पर सुरक्षा बलों और हमलावर लड़ाकों ने एक दूसरे पर फायरिंग की।
कुछ लड़ाके हथियारों के साथ कोस्ट गार्ड के अंदर घुस गए और वहां से हमला किया। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि यह लड़ाके BLA से जुड़े हैं या किसी अन्य संगठन के सदस्य हैं।
फिदायीन लड़ाके ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी से किया हमला जानकारी के मुताबिक सुबह BLA का एक फिदायीन लड़ाका विस्फोटकों से भरी गाड़ी लेकर सेना के काफिले से टकरा गया। इसके बाद फतेह स्क्वॉड ने सेना के काफिले में घुसकर हमला किया।
जिस वाहन पर सुसाइड अटैक किया गया था, वो पूरी तरह तबाह हो गया। घायलों को नोशकी के अस्पताल में भर्ती किया गया। इलाके में इमरजेंसी लागू कर दी गई।
पाकिस्तानी पुलिस बोली- सिर्फ 5 सैनिक मारे गए पाकिस्तानी पुलिस ने बलूच आर्मी के दावे के उलट कहा है कि सड़क के पास पड़े एक बम में विस्फोट हुआ। सैनिकों को लेकर वहां से गुजर रही बस इसकी चपेट में आ गई। हमले में पांच पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं, जबकि 10 घायल हुए हैं। मृतकों और घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।
BLA ने 6 दिन पहले पैसेंजर ट्रेन हाइजैक कर ली थी
6 दिन पहले BLA ने पाकिस्तान में पैसेंजर ट्रेन का अपहरण कर लिया था। BLA का दावा था कि उसने ट्रेन से बंधक बनाए 214 पाकिस्तानी सेना से जुड़े लोगों को मार डाला है।
हालांकि, इस मामले में पाकिस्तानी सेना ने कहा था कि उसके सिर्फ 28 सैनिक मारे गए थे, जबकि सभी 33 बलूच लड़ाकों को ढेर कर दिया गया था।
आखिरी आतंकी के मारे जाने तक जंग- CM बलूचिस्तान
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुग्ती ने कहा कि बलूचिस्तान की शांति से खेलने वालों का खात्मा बहुत बुरा होगा। ये कायराना हमले हमारे हिम्मत को नहीं तोड़ सकते। हर कीमत पर हम शांति को कायम करेंगे। यह जंग तब तक जारी रहेगी, जब तक आखिरी आतंकवादी नहीं मारा जाता।
BLA ने क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक किया था
11 मार्च को को BLA ने क्वेटा से पेशावर जा रही जाफर पैसेंजर ट्रेन को हाईजैक कर लिया था। जाफर एक्सप्रेस मंगलवार की सुबह 9 बजे क्वेटा से पेशावर के लिए चली थी। इसके सिबि पहुंचने का टाइम 1.30 बजे था।
इससे पहले ही दोपहर करीब 1 बजे बलूचिस्तान के बोलान जिले के माशकाफ इलाके में बलूच लिबरेशन आर्मी ने इस हमले को अंजाम दिया। यह पहाड़ी इलाका है, जहां 17 सुरंगें हैं, इसके चलते ट्रेन को धीमी स्पीड पर चलाना पड़ता है। इसका फायदा उठाकर BLA ने ट्रेन पर हमला किया।
सबसे पहले बलूच आर्मी ने माशकाफ में टनल नंबर-8 में रेलवे ट्रैक को उड़ा दिया। इससे जाफर एक्सप्रेस डिरेल हो गई। इसके बाद BLA ने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में ट्रेन का ड्राइवर भी घायल हुआ।
इस ट्रेन में सुरक्षाबल, पुलिस और ISI के एजेंट्स सफर कर रहे थे। सभी पंजाब जा रहे थे। इन्होंने BLA के हमले का जवाब दिया, लेकिन BLA ने ट्रेन पर कब्जा कर लिया