हाईवे पर ट्रॉलियों की वजह से नहीं खुला खनौरी बॉर्डर:शंभू बॉर्डर खुलने से हरियाणा-दिल्ली आने-जाने वालों को राहत; पंधेर समेत दूसरे किसान जेल भेजे

हरियाणा-पंजाब का खनौरी बॉर्डर भी आज, शुक्रवार (21 मार्च) को ट्रैफिक के लिए खोल दिया जाएगा। इससे जींद-संगरूर के रास्ते दिल्ली और पटियाला आने-जाने वालों को राहत मिलेगी। हरियाणा पुलिस ने कल, गुरुवार को बैरिकेडिंग हटा दी थी। पंजाब साइड हाईवे पर ट्रॉलियां होने की वजह से यहां कल ट्रैफिक शुरू नहीं हो पाया।

शंभू बॉर्डर की दोनों लेन गुरुवार को ही खोल दी गईं थी। जिस वजह से पंजाब से हरियाणा और दिल्ली आने-जाने वालों को बड़ी राहत मिली है। ये दोनों ही बॉर्डर किसानों के प्रदर्शन की वजह से 13 महीने से बंद थे।

शंभू और खनौरी बॉर्डर खुलने के बाद हरियाणा पुलिस ने दिल्ली से सटे कुंडली बॉर्डर पर लगाई बैरिकेडिंग भी हटा ली है।

वहीं किसान मजदूर मोर्चा (KMM) के संयोजक सरवण सिंह पंधेर समेत 101 किसानों को पटियाला की सेंट्रल जेल भेजा गया है। जबकि संयुक्त किसान मोर्चा (नॉन पॉलिटिकल) के नेता जगजीत डल्लेवाल ने इलाज लेने से इनकार कर दिया। डॉक्टरों की टीम जालंधर में उनकी निगरानी कर रही है।

उधर, कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां आज शाम 4 बजे चंडीगढ़ के पंजाब भवन में संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) और भारतीय किसान यूनियन उगराहां (BKU) के नेताओं से मीटिंग करेंगे। बातचीत के लिए आंदोलनकारी संगठनों को न्योता नहीं दिया गया।

किसान नेता जोगिंदर सिंह उगराहां ने मीटिंग में शामिल होने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि हमें सुरक्षा दी जाए। साथ ही आश्वासन दें कि हमें गिरफ्तार नहीं किया जाएगा।

किसान दिल्ली जाने से रोके तो शंभू बॉर्डर पर रोके फसलों की MSP की कानूनी गारंटी को लेकर पंजाब के किसान 12 फरवरी 2024 को दिल्ली जाने के लिए निकले थे। इसका पता चलते ही हरियाणा पुलिस ने उन्हें अंबाला-पटियाला के बीच शंभू बॉर्डर और संगरूर-जींद के बीच खनौरी बॉर्डर पर ही रोक लिया। किसानों पर आंसू गैस के गोले दागे गए। इससे नाराज किसान वहीं धरना लगाकर दिल्ली जाने की जिद पर अड़ गए।

यह देख हरियाणा पुलिस ने दोनों बॉर्डर पर सीमेंट की पक्की बैरिकेडिंग कर दी। किसान पंजाब वाली साइड शेड बनाकर बैठ गए। इधर, बैरिकेडिंग पर हरियाणा पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स तैनात कर दी गई।

किसानों ने 4 बार दिल्ली मार्च की कोशिश की किसानों के आंदोलन से पहले ही केंद्र सरकार भी एक्टिव हुई। किसानों से पहली मीटिंग 8 फरवरी 2024 को हुई। जिसमें किसान MSP पर गारंटी कानून की मांग पर अड़े रहे। 4 दिन बाद 12 फरवरी को फिर मीटिंग हुई। इसके बाद 15 और 18 फरवरी यानी 10 दिन में 4 बार वार्ता हुई लेकिन हल नहीं निकला। तब तक किसानों ने अनिश्चितकालीन धरना लगा दिया। जिसके बाद केंद्र से वार्ता बंद हो गई। इसी बीच किसानों ने दिसंबर महीने में 4 बार दिल्ली कूच की कोशिश की लेकिन चारों बार हरियाणा पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागकर रोक लिया।

हाईकोर्ट से मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, डल्लेवाल के अनशन पर वार्ता शुरू केंद्र के वार्ता न करने से शंभू बॉर्डर खुलवाने को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर हुई। हाईकोर्ट ने एक महीने में शंभू बॉर्डर खोलने को कहा। हरियाणा सरकार इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट चली गई। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र-किसानों के बीच मध्यस्थता के लिए कमेटी बना दी। इसी बीच 26 नवंबर से किसान नेता जगजीत डल्लेवाल ने अनशन शुरू कर दिया। जिसके बाद केंद्र फिर वार्ता के लिए राजी हुआ।

14 फरवरी 2025 को चंडीगढ़ में वार्ता हुई लेकिन इसका कोई हल नहीं निकला। 22 फरवरी को फिर मीटिंग हुई लेकिन किसानों ने MSP पर गारंटी कानून बनने तक आंदोलन खत्म करने से इनकार कर दिया।

पंजाब सरकार का आंदोलन हटाने का फैसला, 72 घंटे पहले प्लानिंग किसान आंदोलन के चलते शंभू बॉर्डर बंद होने से पंजाब के कारोबारियों को नुकसान हो रहा था। इससे पंजाब सरकार बॉर्डर खुलवाने का दबाव बन रहा था। सरकार ने केंद्र-किसानों के बीच मध्यस्थता की। किसानों को भी मनाने की कोशिश की लेकिन वह धरना हटाने पर राजी नहीं हुए। इसके बाद पंजाब सरकार ने 72 घंटे पहले तैयार कर ली कि आंदोलन को पुलिस के जरिए बलपूर्वक हटाया जाएगा। इसके लिए 19 मार्च का दिन चुना गया।

उस दिन केंद्रीय मंत्रियों की चंडीगढ़ में किसान नेताओं से मीटिंग थी। शंभू और खनौरी बॉर्डर पर आंदोलन की अगुआई करने वाले ज्यादातर किसान नेता मीटिंग में शामिल होने पहुंचे।

मीटिंग शुरू होने से पहले फोर्स भेजी, खत्म होने के बाद पंधेर-डल्लेवाल हिरासत में लिए केंद्र-किसानों की मीटिंग 11 से 3 बजे तक यानी 4 घंटे चली। यहां से शंभू बॉर्डर लौट रहे सरवण पंधेर को मोहाली की एयरपोर्ट रोड से हिरासत में ले लिया गया। अनशन पर बैठे डल्लेवाल एंबुलेंस में खनौरी बॉर्डर लौट रहे थे, उन्हें संगरूर में घेर लिया गया। पुलिस एंबुलेंस समेत डल्लेवाल को लेकर चली गई। इसके बाद तुरंत पंजाब पुलिस ने खनौरी और शंभू बॉर्डर से किसानों को हटाना शुरू कर दिया। जो अड़े, उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

हरियाणा पुलिस ने 10 घंटे में शंभू बॉर्डर खोला, खनौरी से भी बैरिकेडिंग हटाई पंजाब पुलिस के किसानों को हटाते ही गुरुवार (20 मार्च) को हरियाणा पुलिस भी एक्शन में आई। सुबह करीब साढ़े 8 बजे पुलिस बुलडोजर लेकर बैरिकेडिंग तोड़ने के लिए पहुंच गई। दोपहर डेढ़ बजे तक पुलिस ने पटियाला से अंबाला जाने वाला हिस्सा खोल दिया। फिर शाम साढ़े 6 बजे बॉर्डर के दोनों हिस्से खेल दिए गए।

वहीं खनौरी बॉर्डर पर भी पुलिस इसी टाइम पहुंची। हरियाणा पुलिस ने अपनी दोनों लेन की बैरिकेडिंग हटा दी। पंजाब की तरफ ट्रैक्टर होने की वजह से ट्रैफिक चालू नहीं हो सका।