छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, भिलाई विधायक देवेंद्र यादव और 5 IPS अभिषेक पल्लव, ASP संजय ध्रुव, ASP आरिफ शेख, आनंद छाबड़ा, प्रशांत अग्रवाल और दो सिपाही नकुल-सहदेव के घर CBI ने छापा मारा है। महादेव सट्टा ऐप मामले में टीम ने दबिश दी है। जानकारी के मुताबिक CBI की 10 से अधिक टीमें 26 मार्च की तड़के रायपुर से निकली थीं। एक टीम रायपुर स्थित भूपेश बघेल के घर पहुंची।
इसके बाद बाकी टीमें भूपेश बघेल के भिलाई तीन पदुम नगर स्थित घर, विधायक देवेंद्र यादव के सेक्टर 5 स्थित बंगले, IPS अभिषेक पल्लव के सेक्टर 9 स्थित बंगले और उनके समय में महादेव सट्टा चलाने वाले सिपाही नकुल और सहदेव के नेहरू नगर स्थित घर पहुंचीं। देवेंद्र और भूपेश बघेल के यहां समर्थकों की भीड़ फिर पहुंचने लगी है।
देवेंद्र यादव दिल्ली में, मां ने किया कार्रवाई का विरोध
भिलाई में देवेंद्र यादव की मां ने सीबीआई की कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने करीब घंटे भर टीम को अंदर जाने नहीं दिया। टीम ने विधायक की मां को समझाइश दी, जिसके बाद कार्रवाई जारी है। बता दें कि देवेंद्र यादव दिल्ली गए हुए हैं।
टीम ने पल्लव को रोका, माहेश्ववरी का घर सील
भिलाई स्थित IPS अभिषेक पल्लव के घर पर CBI पूछताछ कर रही है। पल्लव ड्यूटी के लिए निकलने वाले थे, लेकिन इससे पहले ही टीम ने दबिश देकर उनको घर में ही रोक लिया।
सीबीआई की टीम रायपुर स्थित IPS अभिषेक माहेश्वरी के घर भी दबिश दी, लेकिन इस दौरान वहां कोई नहीं था। जिसके बाद टीम ने माहेश्वरी के घर को सील कर दिया है।.
भूपेश के घर होली से पहले ED की रेड पड़ी थी
होली से ठीक पहले भूपेश बघेल के घर ED ने छापेमारी की थी। यह जांच करीब 10 घंटे तक चली। टीम के जाने के बाद भूपेश बघेल ने कहा कि, 32-33 लाख रुपए और दस्तावेज टीम ले गई है। इसमें मंतूराम केस की पेनड्राइव भी है।
3 हजार खाते फ्रीज, प्रदेश में 70 से ज्यादा मामलों में 300 गिरफ्तार
महादेव सट्टा मामले में छत्तीसगढ़ में 70 से ज्यादा मामला दर्ज हैं। इसमें 300 से ज्यादा आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और 3 हजार से ज्यादा खाते मिले हैं, जिसे ब्लॉक कराया जा रहा है। इन खातों में करोड़ों रुपए का ट्रांजेक्शन हुआ है। छत्तीसगढ़ में पहली FIR 31 मार्च 2022 को मोहन नगर थाना में की गई थी।
इसमें पहली गिरफ्तारी दुर्ग के आलोक सिंह, खड्ग सिंह और राम प्रवेश साहू की हुई थी। तीनों से पूछताछ और मोबाइल की जांच के दौरान महादेव सट्टा बुक का खुलासा हुआ। उसके बाद सुपेला, फिर जुलाई में रायपुर के तेलीबांधा में केस दर्ज किया गया। इसमें 70 से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी हुई।
पुलिस की पड़ताल में खुलासा हुआ है कि भिलाई में जूस सेंटर चलाने वाला सौरभ चंद्राकर महादेव सट्टा का किंग है। वह अपने दोस्त रवि उप्पल, कारोबारी अनिल अग्रवाल के साथ मिलकर दुबई से ऑनलाइन सट्टा चला रहा है। इसमें कई सराफा, सरिया, कपड़ा कारोबारियों का पैसा लगा है।