झांसी में हिंदू संगठन के नेता को बदमाशों ने पीटा:शरीर पर 25 चोटें, अस्पताल के बाहर समर्थकों ने किया हंगामा, पुलिस बोली-वर्चस्व की लड़ाई

झांसी में हिंदू संगठन के नेता पर कार सवार बदमाशों ने हमला कर दिया। पहले कार से उनकी स्कूटी को टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद मारपीट की, फिर कार में डालकर सुनसान जगह पर ले गए। वहां लात-घूंसे, हॉकी, डंडे से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। एक महिला ने उनको अस्पताल पहुंचाया। उनके शरीर पर करीब 25 चोटें मिली हैं। घटना की सूचना मिलते ही समर्थक हॉस्पिटल पहुंच गए। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। सूचना पर 4 थानों की पुलिस फोर्स पहुंची। देर रात पुलिस अफसरों ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।

घटना शुक्रवार रात सीपरी बाजार में राठौड़ अस्पताल के पास की है। घटना के समय राष्ट्रभक्त संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अंचल अरजरिया एक मीटिंग में शामिल होकर स्कूटी से घर लौट रहे थे। रास्ते में बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया।

लहर देवी मंदिर से लौट रहे थे राष्ट्रभक्त संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष

शिवाजी नगर निवासी अंचल अरजरिया राष्ट्रभक्त संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष हैं। संगठन के जिला संयोजक अर्पित शर्मा ने बताया कि “शुक्रवार शाम को अंचल अरजरिया एक मीटिंग में शामिल होने के लिए सीपरी बाजार स्थित लहर देवी मंदिर में गए थे। रात करीब 8 बजे मीटिंग खत्म हुई तो वे स्कूटी से अपने घर आ रहे थे।

उनके साथ दोस्त राजेंद्र दुबे भी थे। रास्ते में कार सवार हमलावरों ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। उनको मारपीट कर कार में डालकर नहर किनारे ले गए। वहां हॉकी, लाठी-डंडों से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया।

थोड़ी देर बाद वहां से निकल रही एक महिला को घायल अवस्था में पड़े अंचल अरजरिया नजर आए। महिला ने मुंह पर पानी डाला। होश में आने पर अंचल को थाने ले गई। इसके बाद पुलिस ने घायल अंचल अरजरिया को जिला अस्पताल पहुंचाया।

समर्थकों के हंगामे के बाद 4 थानों की पुलिस पहुंची अंचल अरजरिया पर हमले की सूचना पर बड़ी संख्या में समर्थक जिला अस्पताल पहुंच गए। जय श्री राम का नारा लगाने लगे। आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। हालात बिगड़ते देख पुलिस एक्टिव हो गई। नवाबाद, कोतवाली, सदर बाजार, महिला समेत अन्य थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने समर्थकों को समझाकर मामला शांत कराया। जिला अस्पताल के डॉ. कुलदीप यादव ने बताया कि पुलिस अंचल अरजरिया को लेकर आई थी। उनके शरीर पर करीब 25 चोट है। हालत स्थिर है, उनको मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

विहिप नेता पर मारपीट का आरोप, पुलिस बोली दोनो में वर्चस्व की लड़ाई

अंचल अरजरिया ने जिले के ही एक विहिप नेता और उसके पुत्रों पर हमले का आरोप लगाया है। हालांकि उन्होंने अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है। अंचल का कहना है कि उन लोगों ने ही किसी को भेजकर मेरे ऊपर हमला कराया है। जबकि पुलिस ने कहा कि अंचल और विहिप नेता के बीच वर्चस्व की लड़ाई चल रही है।

सीओ सिटी स्नेहा तिवारी ने बताया कि अंचल अरजरिया को बहुत चोटें आई हैं। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हमलावरों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहें हैं।