हरियाणा के BJP मंत्री बोले- खट्‌टर हमारे माई बाप:उनके आशीर्वाद से ही यहां तक पहुंचे; साढ़े 9 साल CM रहे मनोहर लाल अब केंद्र में मंत्री

हरियाणा के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्‌टर को अपना माई बाप बताया है। पंवार ने कहा- ”मनोहर लाल हमारे माई बाप हैं। हम यहां तक जो पहुंचे हैं, ये सब उनका आशीर्वाद है। उनको राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने को लेकर संगठन विचार करेगा।”

पंवार सोमवार को पानीपत में नव निर्वाचित मेयर कोमल सैनी के पदभार संभालने के मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान पत्रकारों ने उनसे मनोहर लाल खट्‌टर को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने के बारे में सवाल पूछा था। जिसके बाद मंत्री ने मनोहर लाल को अपना माई बाप बताया और हंसने लगे।

बता दें कि मनोहर लाल खट्‌टर 2 टर्म में साढ़े 9 साल तक हरियाणा के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। 2024 में भाजपा की दूसरे टर्म की सरकार का कार्यकाल खत्म होने के 6 महीने पहले उन्होंने इस्तीफा दे दिया। इसके बाद करनाल से लोकसभा चुनाव लड़कर वह सांसद बने। फिर पहली बार सांसद बने खट्‌टर को केंद्र की मोदी 3.0 में केंद्रीय बिजली एवं शहरी विकास मंत्री बना दिया गया।

मनोहर लाल खट्‌टर की नीतियों को ही हरियाणा में आगे बढ़ाया मंत्री पंवार ने आगे कहा- मनोहर लाल खट्टर की नीतियों को ही CM नायब सैनी भी आगे बढ़ा रहे। इसका असर महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश पर भी पड़ा। 11 साल से दिल्ली के अंदर कैंसर बीमारी थी, उसको काटने का काम किया। नायब सैनी की सरकार में कोई भ्रष्टाचार नहीं है। यदि प्रदेश में भ्रष्टाचार होता तो तीसरी बार बीजेपी की सरकार नहीं बनती।

मंत्री कृष्ण लाल पंवार की 2 अन्य अहम बातें…

  • 1. अध्यक्ष रेप केस पर कहा- आरोप तो कोई भी लगा सकता है: हरियाणा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली पर रेप के कथित आरोपों पर मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि आरोप तो कोई भी लगा सकता है। आरोप लगाने वाला आरोप लगाता है। लेकिन कानून अपना काम करता है। उन्होंने कहा कि मोहन लाल बड़ौली के नेतृत्व में ही हरियाणा में हमारी सरकार बनी है। यहां पर नगर पालिका, नगर निगम, नगर परिषद के चुनाव उनकी ही देखरेख में हुए है।
  • मासूम शर्मा से हमारी कोई नाराजगी नहीं: मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने यह बात कही है कि अच्छी बात है गायक को करोड़ों लोग प्यार करते हैं। लेकिन कोई भी गायक ऐसा विवादित गाना न ही बनाए और न ही गाए, जिससे हरियाणा में बदमाशी को बढ़ावा मिले। हमें मासूम शर्मा से कोई नाराजगी नहीं है। जिसके करोड़ों प्रशंसक हैं। इसलिए हमारे द्वारा यह बात विधानसभा में कही गई। भविष्य में कोई ऐसा गाना न बनाया जाए, न गाया जाए, जिससे जनता के अंदर कोई नाराजगी हो।