मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना में बुधवार को तेज बारिश की संभावना है। साथ ही ओले भी गिर सकते हैं। गुजरात के सौराष्ट्र, आंध्र प्रदेश के 30 मंडलों, नॉर्थ ईस्ट के मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और नगालैंड में हीटवेव चल सकती है।
राजस्थान में कई जिलों में पारा 35 से 40° डिग्री के बीच पहुंच सकता है। महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हो सकती है। केरल में भारी बारिश का अलर्ट है।
मौसम विभाग ने ओडिशा के 15 जिलों में आंधी-तूफान का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50-60 kmph की रफ्तार से हवा चलेगी। 7 अप्रैल तक राज्य में ऐसा ही मौसम बना रहेगा।
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को जोड़ने वाला श्रीनगर-लेह NH1 दोबारा खुल गया है। बर्फबारी के कारण यह 33 दिन बंद रहा। हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है।
ओडिशा के लिए IMD अलर्ट
ओडिशा में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने से बागान, बागवानी, खड़ी फसलें, कमजोर ढांचे, कच्चे घर, दीवारें और झोपड़ियां क्षतिग्रस्त हो सकती हैं। IMD ने घर के अंदर रहने, आंधी के समय खिड़कियां और दरवाजे बंद रखने कहा है। साथ ही कहा कि इस दौरान संभव हो तो यात्रा करने से बचें।
अगले दो दिन के मौसम का हाल…
- 3 अप्रैल- ओडिशा, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश में बारिश, आंधी-तूफान की स्थिति बनी रहेगी। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, तेलंगाना, झारखंड में ओले गिर सकते हैं।
- 4 अप्रैल- आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी में भारी बारिश हो सकती है। तेलंगाना, कर्नाटक, झारखंड, ओडिशा में ओले के गिर सकते हैं।
-
राज्यों के मौसम का हाल…
राजस्थान : 15 जिलों में बारिश की संभावना, हीटवेव का अलर्ट
- राजस्थान में पश्चिमी हवा चलने के साथ ही तापमान बढ़ने लगा है। कल राज्य में दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पश्चिमी राजस्थान के जिलों में गर्मी तेज होने लगी है। वहीं, पूर्वी राजस्थान में भी तापमान बढ़ने से सुबह-शाम की ठंडक कम होने लगी है। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने राज्य में 3 अप्रैल को 15 जिलों में आंधी चलने और हल्की बारिश की संभावना जताई है।
- मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम, खंडवा, नरसिंहपुर समेत 8 जिलों में बुधवार को ओले गिरने का अलर्ट है। भोपाल-जबलपुर में तेज आंधी चल सकती है। इसकी रफ्तार 40 से 50 किमी प्रतिघंटा तक रह सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, साइक्लोनिक सर्कुलेशन-टर्फ की वजह से प्रदेश में ओले-बारिश और आंधी का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है।
- छत्तीसगढ़: अगले 4 दिन ओले-बारिश का अलर्ट, 3 डिग्री तक लुढ़केगा पारा
- छत्तीसगढ़ के रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर और सरगुजा संभाग में आज (बुधवार) से दो दिन बारिश का अलर्ट है। इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारे पड़ेंगी। ओले गिर सकते हैं। रायपुर में सुबह से बादल छाए हुए हैं। ठंडी हवा चल रही है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 2 दिन बाद दिन और रात का पारा 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है।
- हरियाणा: तापमान 35 डिग्री पार, पश्चिमी हवाएं चलने से गर्मी ने दिखाए तेवर; सिरसा सबसे गर्म
- हरियाणा में मौसम लगातार बदल रहा है। अप्रैल माह की शुरुआत में ही गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री के पार चला गया है। सिरसा में सर्वाधिक 35.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। इसके अलावा अधिकतर जिलों में तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच बना हुआ है। पश्चिमी हवाएं राज्य में एक्टिव होने से तापमान पिछले 3 दिनों में बढ़ा है।
- पंजाब: तापमान 35 डिग्री से ज्यादा, मौसम के साथ स्कूलों का शेड्यूल, सुबह 8 बजे से लगेंगे
- पंजाब में दिनों दिन गर्मी बढ़ने लगी है। सुबह-शाम भले ही ठंड का एहसास है, लेकिन दोपहर में सूर्य देव पूरे तेवर दिखा रहे हैं। 24 घंटे में राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, अब औसत अधिकतम तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है। बठिंडा में सबसे अधिक तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
- हिमाचल: 5 जिलों में बारिश होगी, नॉर्मल से ज्यादा रहेगा तापमान
- हिमाचल प्रदेश में इस साल सामान्य से ज्यादा गर्मी पड़ेगी। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में हीट-वेव के दिन 20 प्रतिशत तक अधिक होंगे। तापमान भी नॉर्मल से ज्यादा रहेगा। वहीं कल 5 जिलों में बारिश आसार हैं। जाहिर है कि इससे लोगों की परेशानियां बढ़ने वाली है। इस समर सीजन में बारिश भी सामान्य की तुलना में कम होगी।