MP-छत्तीगढ़ समेत 5 राज्यों में ओले गिरेंगे:राजस्थान-गुजरात में हीटवेव; ​​​​​ओडिशा में आंधी का अलर्ट, 50kmph होगी हवा की रफ्तार

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना में बुधवार को तेज बारिश की संभावना है। साथ ही ओले भी गिर सकते हैं। गुजरात के सौराष्ट्र, आंध्र प्रदेश के 30 मंडलों, नॉर्थ ईस्ट के मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और नगालैंड में हीटवेव चल सकती है।

राजस्थान में कई जिलों में पारा 35° से 40° डिग्री के बीच पहुंच सकता है। महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हो सकती है। केरल में भारी बारिश का अलर्ट है।

मौसम विभाग ने ओडिशा के 15 जिलों में आंधी-तूफान का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50-60 kmph की रफ्तार से हवा चलेगी। 7 अप्रैल तक राज्य में ऐसा ही मौसम बना रहेगा।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को जोड़ने वाला श्रीनगर-लेह NH1 दोबारा खुल गया है। बर्फबारी के कारण यह 33 दिन बंद रहा। हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है।

ओडिशा के लिए IMD अलर्ट

ओडिशा में 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने से बागान, बागवानी, खड़ी फसलें, कमजोर ढांचे, कच्चे घर, दीवारें और झोपड़ियां क्षतिग्रस्त हो सकती हैं। IMD ने घर के अंदर रहने, आंधी के समय खिड़कियां और दरवाजे बंद रखने कहा है। साथ ही कहा कि इस दौरान संभव हो तो यात्रा करने से बचें।

अगले दो दिन के मौसम का हाल…

  • 3 अप्रैल- ओडिशा, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश में बारिश, आंधी-तूफान की स्थिति बनी रहेगी। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, तेलंगाना, झारखंड में ओले गिर सकते हैं।
  • 4 अप्रैल- आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुडुचेरी में भारी बारिश हो सकती है। तेलंगाना, कर्नाटक, झारखंड, ओडिशा में ओले के गिर सकते हैं।