यूपी का पारा 42° पार, गंगा की धारा सिकुड़ी:काशी में टापू दिखने लगे; 17 शहरों में हीटवेव का अलर्ट, बारिश भी होगी

यूपी में धूप की तपिश बढ़ती जा रही है। सुबह 10 बजे के बाद ही गर्म हवा चल रही है। मौसम विभाग ने आज 17 जिलों में हीट वेव (लू) और 7 में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30-40 किमी की स्पीड से हवाएं चलेंगी।

इधर, वाराणसी में गंगा का वाटर लेवल घट गया है। इसके चलते गंगा की धारा सिकुड़ गई है। रेत के टापू दिखने लगे हैं। मंगलवार शाम तक 15 शहरों का तापमान 40°C से ज्यादा रिकॉर्ड हुआ। झांसी सबसे गर्म शहर रहा। यहां का तापमान 42.6°C रिकॉर्ड किया गया। 14°C के साथ मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा शहर रहा।

क्यों दिख रहे गंगा में रेत के टीले, जानिए

BHU के महामना मालवीय गंगा रिसर्च सेंटर के वैज्ञानिक प्रो. बीडी त्रिपाठी ने बताया- अप्रैल में ही गंगा की स्थिति मई और जून की तरह नजर आ रही है। गंगा की इस तस्वीर के चार कारण हैं-

  1. गंगा में पानी का लगातार कम होना।
  2. हरिद्वार से चैनल के माध्यम से दूसरे प्रदेशों में पानी भेजना।
  3. गंगा की दोनों ओर लिफ्ट कैनाल बनाकर पानी को खेतों में सप्लाई करना।
  4. 2 दशकों से लगातार गंगा बेसिन में भूजल स्तर का तेजी से नीचे गिरना।

मई में पारा 45°C के पार जाएगा

BHU के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया- पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो गया है। इसका असर यूपी में दिखेगा। अगले 3 से 4 दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद पारा तेजी से चढ़ेगा। अगले महीने यानी मई में पारा 45°C के पार जा सकता है।

अगले 4 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम

  • 10 अप्रैल: पूरे प्रदेश में बारिश होगी। 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। तापमान में 2-3 डिग्री तक गिरावट आएगी।
  • 11 अप्रैल: पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
  • 12 अप्रैल: तेज हवाएं चलेंगी। बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है।
  • 13 अप्रैल: पूर्वांचल में गरज-चमक के साथ बारिश होगी। 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।

प्रयागराज में 41.8°C तापमान, स्कूलों की टाइमिंग बदली

तेज धूप के चलते प्रयागराज में स्कूलों की टाइमिंग बदली गई है। क्लास-8 तक के स्कूल अब सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक लगेंगे। मंगलवार को प्रयागराज में 41.8°C तापमान रिकॉर्ड हुआ। यहां रात भी गर्म हो रही है। 23.7°C तापमान रिकॉर्ड हुआ है।

काशी विश्वनाथ में श्रद्धालुओं के लिए जर्मन हैंगर पंडाल लगाया

काशी के घाटों पर दोपहर में कर्फ्यू जैसा नजारा दिख रहा है। दिन चढ़ने के साथ यहां सन्नाटा पसर जाता है। गर्मी के कारण काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या पहले से कम हुई है। मंदिर प्रशासन ने गंगा द्वार से लेकर गर्भगृह तक जर्मन हैंगर पंडाल लगाया है, साथ ही फैन और पानी की व्यवस्था जगह-जगह की गई है।

कानपुर में रात का तापमान 7.5 डिग्री तक चढ़ा

कानपुर में रात के न्यूनतम तापमान में 7.5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मंगलवार को रात का पारा 25 डिग्री पर पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 72 घंटों में 50 से 55 किमी की स्पीड से हवाएं चलेंगी। रविवार को गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी भी संभव है।