लखनऊ में श्रीराजपूत करणी सेना के प्रदर्शन से पहले पुलिस ने इसे लीड करने वालों को नजरबंद कर दिया। पुलिस ने आधी रात को करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह सहित कई पदाधिकारियों को हाउस अरेस्ट किया है। बता दें कि करणी सेना के लोग आज (गुरुवार को) सपा सांसद रामजी लाल सुमन के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले थे।
करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह दीप के चरणभट्ठा रोड स्थित घर पर बुधवार देर रात पीजीआई पुलिस पहुंची। उन्हें नजरबंद कर दिया। इसकी जानकारी दीपू ने फेसबुक पोस्ट के जरिए दी। इनके अलावा, प्रदेश संगठन मंत्री, जिला महामंत्री, जिला अध्यक्ष युवा पर भी पुलिस ने कार्रवाई की।
इन पदाधिकारियों पर कार्रवाई
जिला महामंत्री पुष्पराज सिंह के घर के बाहर पुलिस तैनात की गई। उन्हें नोटिस भी दिया गया है। पुष्पराज मोहनलालगंज के इंद्रजीत खेड़ा में रहते हैं। प्रदेश संगठन मंत्री विकास सिंह को भी नजरबंद किया गया है। विकास सिंह आशियाना में रहते हैं। जिला अध्यक्ष युवा अमर सिंह को भी पुलिस ने हाउस अरेस्ट किया है।
हाउस अरेस्ट के बावजूद प्रदर्शन की अपील
करणी सेना के हाउस अरेस्ट किए गए पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से प्रदर्शन करने की अपील की है। इन लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा है कि प्रशासन रोक नहीं पाएगा। सभी लोग तय समय पर प्रदर्शन के लिए जुटें।
प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह ने लिखा- कल होने वाले प्रदर्शन की तैयारी को देखकर प्रशासन ने मुझे घर पर ही नजर बंद कर लिया है। मुझे पता है मेरे सभी करणी सैनिक भाई बब्बर शेर हैं और कल का प्रदर्शन ऐतिहासिक होगा। प्रशासन चाहे जितना जोर लगा ले। जब तक लाल जी सुमन माफी नहीं मांगेगे तब तक करणी माता की कसम हम सभी करणी सैनिक रुकेंगे नहीं।
नोटिस में लिखा है- अनुमति नहीं ली
पुलिस के दिए गए नोटिस में लिखा है- आपने अपने कार्यक्रम के लिए अनुमति नहीं ली। अगर व्यस्ततम मार्ग पर रैली निकाली या प्रदर्शन किया तो आपके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आखिरकार स्थगित किया प्रदर्शन
प्रदेश संगठन मंत्री विकास सिंह ने प्रस्तावित प्रदर्शन को स्थगित करने की घोषणा कर दी है। उन्होंने पुलिस की मौजूदगी में बयान दिया- कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों को सूचित किया जाता है कि आज का कार्यक्रम स्थगित किया जाता है। हम लोगों को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया है।