Lockdown Anniversary Special: पिछले साल शुरू हुई कोरोना वायरस महामारी ने किस तरह पूरी दुनिया को बदल दिया, ये सब जानते हैं। हम कैसे काम करते थे, सीखते थे, घूमते थे, लोगों से मिलना-जुलना, इस महामारी ने सब कुछ बदल कर रख दिया है। अब शारीरिक दूरी बनाए रखने के लिए लोग वर्चुअल दुनिया का सहारा ले रहे हैं, फिर चाहे वह व्यक्तिगत हो या फिर प्रोफेशनल।
एक सर्वे के दौरान ये बात भी सामने आई कि इस महामारी ने दुनिया भर के लोगों का स्वास्थ्य को लेकर नज़रिया ही बदल दिया। महामारी और लॉकडाउन के समय शरीर को स्वस्थ रखना लोगों की प्राथमिक्ता बन गई थी, जो आज भी क़ायम है। आइए नज़र डालते हैं कुछ ऐसी चीज़ों पर जो हम सभी ने अपने अच्छे स्वास्थ्य के लिए करना शुरू की हैं:
1. घर के बने खाने को दी अहमियत
महामारी के दौरान ही लोगों को समझ आया कि हमारे शरीर का स्वस्थ रहना कितना ज़रूरी है। जिसकी के लिए स्वस्थ खाने का सबसे पहला नियम है घर का बना खाना खाना। बाहर के खाना ताज़ा है या नहीं, कितनी स्वच्छता से बनाया गया है, किस तरह की चीज़ों का उसमें इस्तेमाल किया गया है, इन सभी सवालों का जवाब मिलना मुश्किल होता है, इसलिए बेहतर यही है कि घर का खाना खाया जाए।
2. स्वस्थ खाना और समय पर खाना
लॉकडाउन के समय लोगों ने घर का बना और शरीर को फायदे पहुंचाने वाले खाना पर ध्यान दिया। ताज़ा फल और सब्ज़ियों का सेवन किया और समय पर किया। लोगों ने इस दौरान ताज़ी सब्ज़ियों औप फलों की अहमियत को समझा, जो आने वाले कई सालों तक जारी रहने की उम्मीद है।
3. इम्यूनिटी बूस्टिंग फूड
कोरोना वायरस महामारी ने हमें ये भी बताया कि मज़बूत इम्यूनिटी कैसे सबसे अहम है। इस जानलेवा संक्रमण से इम्यूनिटी ही आपको बचाती है। इसलिए ताज़ी सब्ज़ियों से लेकर काढ़े और ज़रूरी औषधियों का उपयोग खूब किया गया।
4. वर्कआउट की ज़रूरत समझी
क्योंकि हम सभी अपने-अपने घरों में बंद थे, इसलिए एक्सर्साइज़ करना और भी ज़रूरी हो गया था। हमारे शरीर को ज़्यादा एक्टीविटी नहीं मिल रही थी, जिम जाना मुमकिन नहीं था। यही वजह है कि लोगों ने घरों में वर्कआउट करना शुरू किया ताकि शरीर एक्टिव रहे।
5. अच्छी नींद लीं
हम सभी ये जानते हैं कि एक स्वस्थ शरीर के लिए एक अच्छी नींद लेना कितना ज़रूरी है। रात में 7से 8 घंटे की नींद आपको अगले दिन के लिए अच्छे से तैयार कर देती है। आप तरोताज़ा और ज़्यादा एक्टिव महसूस करते हैं। साथ ही आपके शरीर में इसका साकारात्मक असर भी पड़ता है।
6. त्वचा का ख्याल
लॉकडाउन के समय लोगों को अपनी त्वचा का ख़्याल रखने का अच्छा वक्त मिल गया, जो आमतौर पर बिज़ी लाइफस्टाइल के चलते नगीं मिल पाता था। घरेलू उपाय हों या फिर मार्केट में मिलने वाले प्रोडक्ट्स, लोगों ने त्वचा को खूबसूरत और ग्लोइंग बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।